देश

VIDEO: '...कैंटीन में बैठा रहता है', सत्रावसान से पहले अमित शाह के स्टैंड पर बरसे मनोज झा; सुनाया टीचर वाला किस्सा

Monsoon Session: राजद सांसद मनोज झा ने गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए टीचर वाला किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि आपमें से किसने अमित शाह से पूछा कि पैलेट गन का इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था?

Image

राजद सांसद मनोज झा (फाइल फोटो)

Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई, राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा छाया हुआ है। इन मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उचित समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। इस बीच, राजद सांसद मनोज झा ने गृह मंत्री पर तंज कसते हुए टीचर वाला किस्सा सुनाया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में मनोज झा ने कहा, ''आपमें से किसने अमित शाह से पूछा कि पैलेट गन का इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था? लाठियों पर कील किसने लगवाई थी? मैंने नहीं सुना कि किसी व्यक्ति ने यह सवाल पूछा। संसद ऐसी कथा सुनने के लिए नहीं है... सत्रावसान के एक दिन पहले आकर कुछ कह दिया... मैं तो रोजाना सदन में होता हूं। एक बच्चे के पिता ने हेडमास्टर से कहा कि इसकी अटेंडेंस कम क्यों है? मैं तो डेली इसको स्कूल छोड़ता हूं। इस पर टीचर ने कहा कि वह कैंटीन में बैठा रहता है।''

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ और उसी दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले नीट भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने 'संसद घेराव' मार्च निकाला। इस दौरान, भारी संख्या में आंदोलनकारी छात्र एकत्रित हुए और संसद भवन की ओर बढ़े। इस प्रदर्शन को लेकर कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं। विपक्ष लगातार गृह मंत्री से सवाल पूछ रहा है कि आखिर छात्रों पर पैलेट गन चलाने का निर्देश किसने दिया था। बता दें कि मानसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

सरकार चर्चा के लिए तैयार

विपक्षी दलों के हंगामे के चलते गतिरोध बना हुआ है। हालांकि, अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने बकायदा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए उपयुक्त समय निर्धारित करने की अपील की है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article