Ahmedabad Plane Crash: भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने शनिवार को कहा कि इस बात का पता लगाने की जरूरत है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 171 के इंजन उड़ान भरने के तुरंत बाद क्यों बंद हो गए। संवाददाताओं से बात करते हुए रूडी (जो स्वयं एक कमर्शियल पायलट हैं) ने कहा कि शनिवार को जारी विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि जब विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो ईंधन स्विच "रन" स्थिति में थे, जिसका अर्थ है कि वे चालू थे।
राजीव प्रताप रूडी ने क्या कुछ कहा?
भाजपा सांसद ने कहा कि रिपोर्ट में कहा गया है कि जब विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ तो स्विच ‘रन’ स्थिति में थे, जिसका मतलब है कि स्विच चालू थे। कुछ प्रारंभिक साक्ष्य मिले हैं जो संकेत देते हैं कि पायलटों ने इंजन पॉवर कम होते देखी होगी। रूडी ने कहा, "आरएटी (रैम एयर टर्बाइन) का इस्तेमाल किया गया था और सहायक विद्युत इकाई ने स्वचालित रूप से इंजनों को फिर से चालू कर दिया था। यह इस बात का पर्याप्त संकेत है कि इंजनों की शक्ति समाप्त हो गई थी।"
हालांकि, रूडी ने कहा कि भले ही वह एक पायलट हैं, लेकिन उनकी टिप्पणियों को विशेषज्ञ की राय के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं सातवीं बार सांसद हूं और मेरा पेशा राजनीति है।"
ईंधन स्विच हो गए थे बंद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ सेकंड पहले, इसके दोनों इंजनों के ईंधन नियंत्रण स्विच बंद हो गए थे। यह बात शनिवार को प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कही गई जोकि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के कॉकपिट में पायलट की एक भयावह गलती की ओर इशारा करती है।
एयरलाइंस पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (APAI) ने रिपोर्ट से असहमति जताते हुए कहा कि जांच "गोपनीयता के आवरण में लिपटी हुई", पायलट के खिलाफ पक्षपातपूर्ण प्रतीत होती है और इसमें जल्दबाजी में निष्कर्ष पर पहुंचा गया है। दुर्घटना की 15 पृष्ठों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट से पता चला कि दोनों इंजनों के ईंधन नियंत्रण स्विच एक सेकंड के अंतराल में ‘रन’ से ‘कटऑफ’ स्थिति में चले गए थे, जिसके कारण विमान की ऊंचाई में तत्काल कमी आ गई।
