PM Narendra Modi roadshow in Mandya: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (12 मार्च, 2023) को कर्नाटक में रहे। उन्होंने इस दौरान जनता दल सेक्युलर (जद-एस) के गढ़ रहे मांड्या शहर में मेगा रोडशो किया। पीएम ने इस दौरान खुद पर की गई पुष्पवर्षा में इस्तेमाल किए गए फूलों की पंखुड़ियां (कार के बोनट पर आईं) भीड़ पर वापस बरसाईं और लोगों का अभिवादन स्वीकारा। मोदी का वहां जिस गर्मजोशी से स्वागत हुआ, वह देखते ही बन रहा था।
पीएम मोदी ने रास्ते के दोनों ओर लाइन लगाकर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वह इसके बाद गाड़ी से उतरे और उनके स्वागत में प्रस्तुति देने वाले लोक कलाकारों से भी मिले।
मोदी के 1.8 किलोमीटर लंबे रोडशो के लिए पूरे रास्ते को भगवा रंग से सजाया गया था और समूचे रास्ते पर भाजपा के झंडे, पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। कार के ‘रनिंग बोर्ड’ पर खड़े होकर मोदी ने सड़कों और आसपास की इमारतों पर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जबकि भीड़ में शामिल लोगों को ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाते देखा गया।
दरअसल, कर्नाटक में मई, 2023 में विधानसभा के चुनाव हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पुराने मैसूरु क्षेत्र में अच्छी-खासी सीट जीतने पर ध्यान केंद्रित करती दिख रही है, जहां वह पारंपरिक रूप से कमजोर रही है।
मांड्या जिला पुराने मैसूर क्षेत्र का एक प्रमुख हिस्सा है और यह पारंपरिक रूप से जनता दल सेक्युलर (जद-एस) का गढ़ रहा है। जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जिसमें एक को छोड़कर सभी पर जेडी(एस) का कब्जा है। वोक्कालिंगा समुदाय बहुल इस जिले में कांग्रेस भी मजबूत है और भाजपा वहां अपने पैर पसारने की कोशिश कर रही है। (एएनआई, पीटीआई और भाषा इनपुट्स के साथ)
