देश

VP Election: उपराष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में NDA को स्पष्ट बढ़त, ये है वोटों का समीकरण

Vice Presidential Election: उपराष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में NDA को स्पष्ट बढ़त है, बता दें कि कुल मतदाता 786 हैं और जीतने के लिए 394 वोट चाहिए, वहीं NDA के पास 422 वोट हैं।

Image

उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों द्वारा किया जाता है (फाइल फोटो: PTI)

Vice Presidential Election: सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को अगले उपराष्ट्रपति के लिए होने वाले चुनाव में स्पष्ट रूप से बढ़त हासिल है। सोमवार को अचानक जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के कारण अब यह चुनाव आवश्यक हो गया है।उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों द्वारा किया जाता है तथा उच्च सदन के मनोनीत सदस्य भी इस चुनाव में मतदान के पात्र होते हैं। 543 सदस्यीय लोकसभा में एक सीट (पश्चिम बंगाल में बशीरहाट) खाली है, जबकि 245 सदस्यीय राज्यसभा में पांच सीट खाली हैं।

उपराष्ट्रपति चुनाव में विजयी उम्मीदवार को 394 मतों की जरूरत

राज्यसभा की पांच रिक्तियों में से चार जम्मू-कश्मीर से और एक पंजाब से है, जहां संजीव अरोड़ा ने राज्य विधानसभा के लिए पिछले महीने हुए उपचुनाव में निर्वाचित होने के बाद सीट छोड़ दी थी।दोनों सदनों की प्रभावी संख्या 786 है और सभी पात्र मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग करने पर, उपराष्ट्रपति चुनाव में विजयी उम्मीदवार को 394 मतों की जरूरत होगी।

राज्यसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन को 129 सदस्यों का समर्थन

भाजपा नीत राजग को लोकसभा (542 सदस्य) में 293 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। वहीं राज्यसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन को 129 सदस्यों का समर्थन है, जिसकी प्रभावी संख्या 240 है बशर्ते मनोनीत सदस्य राजग उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करें। इस प्रकार सत्तारूढ़ गठबंधन को 786 सदस्यों में से 422 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।

यह चुनाव गुप्त मतदान द्वारा होगा

संविधान के अनुच्छेद 68 के खंड 2 के अनुसार, उपराष्ट्रपति के निधन, त्यागपत्र या पद से हटाए जाने या अन्य किसी कारण से हुई रिक्ति को भरने के लिए चुनाव, पद रिक्त होने के बाद 'यथाशीघ्र' कराया जाएगा।रिक्ति को भरने के लिए निर्वाचित व्यक्ति 'पदभार ग्रहण करने की तिथि से पूरे पांच वर्ष की अवधि तक' पद धारण करने का हकदार होगा। संविधान के अनुच्छेद 66 (1) के अनुसार उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों द्वारा आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार किया जाएगा और यह चुनाव गुप्त मतदान द्वारा होगा।

उपराष्ट्रपति का पद देश का दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद

इस प्रणाली में, मतदाता को उम्मीदवारों के नामों के आगे अपनी प्राथमिकताएं अंकित करनी होती हैं।उपराष्ट्रपति का पद देश का दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद है। उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होता है, लेकिन कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद, वह तब तक पद पर बने रह सकते हैं जब तक कि उनका उत्तराधिकारी पद ग्रहण नहीं कर ले। धनखड़ ने सोमवार की शाम स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेजा और कहा कि वह तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article