देश

'उप राष्ट्रपति का विदाई समारोह होता तो हम भी जाकर चाय पीते', धनखड़ के बहाने अखिलेश का BJP पर तंज

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को उप राष्ट्रपति के इस्तीफे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों को जाकर धनखड़ के स्वास्थ्य का हाल चाल जानना चाहिए। हमने सुना है कि उनका कोई विदाई समारोह नहीं हो रहा है।

Image

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोगों को जाकर धनखड़ के स्वास्थ्य का हाल-चाल जानना चाहिए। हमने सुना है कि उनका कोई विदाई समारोह नहीं हो रहा है। यदि उनके लिए विदाई समारोह का आयोजन होता तो हम भी जाते, उन्हें धन्यवाद देते, उनका हाल-चाल जानते और चाय पीकर आते।

स्वास्थ्य कारणों की वजह से दिया इस्तीफा

एक दिन पहले सोमवार को धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन केंद्र सरकार ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित कर दिया। अधिसूचना में कहा गया है कि भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का इस्तीफा (सामान्य जानकारी के लिए) प्रकाशित किया जाता है। इससे पहले राज्यसभा में आज गृह मंत्रालय की अधिसूचना के बारे में जानकारी दी गई।

राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति राज्यसभा के पदेन सभापति होते हैं। आमतौर पर धनखड़ दिन की शुरुआत में राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करते थे। धनखड़ ने सोमवार रात को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेजा था। मुर्मू को भेजे अपने त्यागपत्र में धनखड़ ने कहा कि वह ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने’ के लिए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। धनखड़ ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा, ‘स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए, मैं संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे रहा हूं।’

स्वास्थ्य के अलावा भी हैं कारण-कांग्रेस

कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट से इस बारे में रहस्य और गहरा गया कि धनखड़ को पद क्यों छोड़ना पड़ा तथा ऐसे में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि धनखड़ के इस्तीफा देने के पीछे उनके द्वारा बताए गए स्वास्थ्य कारणों के अलावा कोई और अधिक गहरे कारण हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने धनखड़ के इस्तीफे के बाद मंगलवार को कहा कि उन्हें कई भूमिकाओं में देश की सेवा का मौका मिला है और वह उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article