देश

सुप्रिया श्रीनेत और एचएस अहीर को कंगना पर अपमानजनक टिप्पणी पड़ी भारी, NCW ने लिया संज्ञान; निर्वाचन आयोग से की कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने लोकसभा चुनाव-2024 में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से BJP उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनौत पर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। अब इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर सुप्रिया श्रीनेत और एचएस अहीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Image

कंगना पर अपमानजनक टिप्पणी सुप्रिया श्रीनेत को पड़ी भारी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा (BJP) उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) और एचएस अहीर (HS Ahir) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। श्रीनेत के इंस्टाग्राम (Instagram) अकाउंट से रनौत के बारे में कथित आपत्तिजनक पोस्ट किया गया, जिसे बाद में हटा दिया गया।

सख्त कार्रवाई की मांग

किसान कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त समन्वयक एचएस अहीर ने भी रनौत के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी। एनसीडब्ल्यू ने कहा कि आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर श्रीनेत और अहीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रेखा शर्मा अपने पत्र में कहा कि ‘राष्ट्रीय महिला आयोग सुप्रिया श्रीनेत के अपमानजनक आचरण से स्तब्ध है। सुप्रिया श्रीनेत एवं एचएस अहीर ने सोशल मीडिया पर कंगना रनौत के बारे में अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की थी। ऐसा व्यवहार असहनीय है और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है। रेखा शर्मा ने निर्वाचन आयुक्त को पत्र भेजकर उनके खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। आइए सभी महिलाओं के लिए सम्मान और गरिमा बनाए रखें। महिलाओं का सम्मान करें।’

हर महिला सम्मान की हकदार -रनौत

रनौत ने भी श्रीनेत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न भूमिकाएं निभाई हैं और हर महिला सम्मान की हकदार है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया कि ‘प्रिय सुप्रिया जी, एक कलाकार के रूप में अपने करियर के पिछले 20 वर्षों में मैंने हर तरह की महिलाओं की भूमिका निभाई है। रानी में एक भोली लड़की से लेकर धाकड़ में एक आकर्षक जासूस तक, मणिकर्णिका में एक देवी से लेकर चंद्रमुखी में एक राक्षसी तक। थलाइवी में एक क्रांतिकारी नेता तो रज्जो में वेश्या का किरदार।’

श्रीनेत ने पूरे प्रकरण पर सफाई देते हुए कहा कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट तक कई लोगों की पहुंच है और उनमें से किसी ने आज बेहद अनुचित पोस्ट किया। श्रीनेत कहा कि ‘जैसे ही मुझे पता चला मैंने वो पोस्ट हटा दिया। जो लोग मुझे जानते हैं, वे यह भी अच्छी तरह जानते हैं कि मैं कभी भी किसी महिला के प्रति व्यक्तिगत और अशोभनीय टिप्पणी नहीं कर सकती। मैं जानना चाहती हूं कि यह कैसे हुआ।’

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article