Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के लिए 5वीं लिस्ट पेश कर दी है। 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने कई नए चेहरों को मौका दिया है तो कईयों का पत्ता साफ भी हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को भी बीजेपी ने टिकिट दे दिया है। जारी की गई लिस्ट के अनुसार कंगना रनौत अपने होमटाउन यानी हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी। कंगना रनौत को बीजेपी का टिकिट मिलने के लिए फैन्स उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
बीजेपी ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कंगना रनौत को हिमाचल के मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार खड़ा किया है। कई लोगों का मानना है कि यह पहले ही तय हो गया था कि कंगना रनौत इस साल बीजेपी से लोकसभा का चुनाव जरूर लड़ेंगी। कंगना रनौत को कई बार बीजेपी और पीएम मोदी की तारीफ करते हुए भी देखा गया है।
कंगना रनौत के अलावा 90 के दशक के मशहूर एक्टर रहे गोविंदा का नाम भी लोकसभा चुनाव के लिए सामने आया है। रिपोर्ट्स की मानें तो गोविंदा इससे पहले भी साल 2004 में चुनाव लड़ चुके हैं। गोविंदा ने कांग्रेस के टिकट पर मुंबई-उत्तरी लोकसभा सीट से भाजपा के नेता राम नाइक करारी हार दी थी। खबरें आ रही हैं कि गोविंदा अब एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट में शामिल होकर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। एकनाथ शिंदे जल्द ही गोविंदा को उम्मीदवार बना सकते हैं।
