देश

हरियाणा ADGP मौत मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने लिया संज्ञान, मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी

चंडीगढ़ पुलिस ने कुमार की आत्महत्या के मामले में मृतक द्वारा छोड़े गए ‘अंतिम नोट’ में उल्लेखित आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की। बृहस्पतिवार को यहां जारी एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई। सूत्रों का कहना है कि हरियाणा पुलिस के अधिकारी वाई पूरण कुमार ने एक ‘अंतिम नोट’ छोड़ा है।

Image

हरियाणा आईपीएस अधिकारी का मौत मामला। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Haryana ADGP death case : हरियाणा में आईपीएस अधिकारी वाई पूरण सिंह मौत मामले का राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव से एक्शन टेकेन रिपोर्ट मांगी है। मुख्य सचिव से 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। आयोग ने सुसाइड नोट में कथित तौर पर जातीय उत्पीड़न की बात को संज्ञान में लिया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ के मुख्य सचिव और चंडीगढ़ के डीजीपी को भी नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है।

मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की

वहीं, चंडीगढ़ पुलिस ने कुमार की आत्महत्या के मामले में मृतक द्वारा छोड़े गए ‘अंतिम नोट’ में उल्लेखित आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की। बृहस्पतिवार को यहां जारी एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई। सूत्रों का कहना है कि हरियाणा पुलिस के अधिकारी वाई पूरण कुमार ने एक ‘अंतिम नोट’ छोड़ा है, जिसमें राज्य के ‘वरिष्ठ अधिकारियों’ के नाम हैं। कुमार ने इस नोट में यह बात विस्तार से लिखी है कि पिछले कुछ वर्षों में कैसे उन्होंने कथित तौर पर ‘मानसिक उत्पीड़न और अपमान’ झेला है। कुमार ने मंगलवार को यहां अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मार ली थी।

‘हम लगाए गए आरोपों की जांच करेंगे’

चंडीगढ़ पुलिस ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘अंतिम नोट में उल्लिखित आरोपियों के खिलाफ अत्याचार रोकथाम अधिनियम की धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(1)(आर) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।’ अगली कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘हम लगाए गए आरोपों की जांच करेंगे।’ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2001 बैच के अधिकारी वाई पूरण कुमार (52) यहां सेक्टर 11 स्थित अपने घर में बेसमेंट के एक कमरे में मृत पाए गए थे। उन्हें गोली लगी हुई थी। उन्हें हाल में रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) का महानिरीक्षक नियुक्त किया गया था।

सीएम ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की

कुमार की पत्नी, हरियाणा सरकार में वरिष्ठ नौकरशाह अमनीत पी. कुमार ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हस्तक्षेप की मांग की ताकि ‘सुसाइड नोट’ में नामित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा सके। कुछ दलित संगठनों और विपक्षी दलों ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। शाम को, सैनी ने कुमार की ‘आत्महत्या’ से जुड़े कुछ घटनाक्रमों के मद्देनजर अपनी सरकार के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की। सूत्रों ने कहा कि सरकार इस मामले में कुछ कार्रवाई पर विचार कर सकती है। राज्य के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, जिनके खिलाफ अमनीत कुमार ने अपने पति की आत्महत्या के सिलसिले में कार्रवाई की मांग की है, ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। अमनीत कुमार ने रोहतक के एसपी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!