देश

नासिक TCS मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला;निदा खान को अग्रिम जमानत देने से कोर्ट का इनकार

महाराष्ट्र के नासिक की एक अदालत ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की नासिक इकाई में कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में आरोपी कर्मचारी निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

Image

नासिक TCS केस में HR मैनेजर निदा खान की अग्रिम जमानत खारिज

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nashik TCS Case: महाराष्ट्र के नासिक जिले में टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (TCS) से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले में एचआर मैनेजर निदा खान को अदालत से राहत नहीं मिली है। उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया गया,साथ ही कोर्ट ने अंतरिम राहत देने से भी इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि निदा खान गर्भवती हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, सरकारी पक्ष ने इस दलील का कड़ा विरोध किया और जमानत न देने की मांग की, जिसके बाद अदालत ने याचिका खारिज करने का फैसला सुनाया।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में दलील दी कि मामला गंभीर प्रकृति का है और निदा खान से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। लोक अभियोजक अजय मिसार ने कहा कि निदा खान इस मामले की मुख्य आरोपियों में शामिल है, इसलिए जांच के लिए उसकी कस्टोडियल इंटरोगेशन आवश्यक है।

प्राथमिकी के अनुसार, निदा खान पर आरोप है कि उसने महिला कर्मचारियों को इस्लामी परंपराओं के अनुसार कपड़े पहनने और व्यवहार करने की सलाह दी थी।

निदा खान ने अग्रिम जमानत याचिका में अपने गर्भवती होने का हवाला दिया था, लेकिन अदालत ने राहत देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने माना कि निदा खान पर एक पीड़ित को दुसरे धर्म के तौर तरीके मानने के लिए धमकाने,दूसरे आरोपियों से लगातार संपर्क में रहने,उनके साथ शामिल होने जैसे गंभीर आरोप है इसलिए उन्हें अग्रिम बेल नहीं दी जा सकती।

पुलिस के मुताबिक, टीसीएस की कर्मी निदा खान अभी तक फरार हैं, और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में उसकी तलाश जारी है। इस मामले की जांच नासिक पुलिस के विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है। आईटी कंपनी की नासिक इकाई में कुछ महिला कर्मचारियों के साथ पुरुष कर्मियों द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के नौ मामलों की जांच चल रही है।

एसआईटी अब तक नौ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है और एक महिला ऑपरेशन मैनेजर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने पिछले महीने बयान जारी कर कहा था कि कंपनी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जबरदस्ती के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति अपनाती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article