देश

Murshidabad Violence: मुर्शिदाबाद हिंसा में पिता-पुत्र की हत्या की प्लानिंग करने वाली चढ़ा STF के हत्थे, भीड़ को उकसा कर किया था हमला

Murshidabad Violence: मुर्शिदाबाद में वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी थी, इस हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें एक ही परिवार के पिता और पुत्र भी शामिल थे।

Image

मुर्शिदाबाद हिंसा के दौरान हुई थी आगजनी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Murshidabad Violence: मुर्शिदाबाद हिंसा में पिता-पुत्र की हत्या करने की प्लानिंग करने वाले एक और साजिशकर्ता को पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोप हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था। आरोप ही कि इसी शख्स ने भीड़ को उकसा करके, पिता-पुत्र पर हमला किया था।

हत्या मामले में चौथी गिरफ्तारी

पीटीआई के अनुसार पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले में एक व्यक्ति और उसके बेटे की हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शमशेरगंज के जाफराबाद में दो लोगों की हत्या के मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान जाफराबाद के पड़ोसी गांव सुलिताला पुरबापारा निवासी जियाउल शेख के रूप में हुई है। वह 12 अप्रैल को अपराध होने के बाद से फरार था। उन्होंने बताया कि शेख को पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया।

भीड़ को उकसाकर किया था हमला

अधिकारी ने गिरफ्तार शख्स को लेकर बताया कि यह व्यक्ति मुख्य आरोपियों में से एक है, जिसने 12 अप्रैल को मृतक के घर पर तोड़फोड़ करने और हरगोबिंदो दास और उसके बेटे चंदन दास की हत्या करने के लिए भीड़ को उकसाया था। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास 12 अप्रैल को घटनास्थल पर उसकी मौजूदगी साबित करने के लिए सभी सबूत, सीसीटीवी फुटेज और उसके मोबाइल फोन टावर की लोकेशन है।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

इससे पहले, पुलिस ने दो भाइयों कालू नादर और दिलदार तथा इंजमाम उल हक को दोनों की हत्या में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कालू को बीरभूम जिले के मुराराई से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके भाई दिलदार को बांग्लादेश सीमा क्षेत्र से सुती पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में पकड़ा गया। तीसरे आरोपी को जाफराबाद के पड़ोसी गांव सुरीपारा से पकड़ा गया।

मुर्शिदाबाद हिंसा मे 276 लोग गिरफ्तार

बता दें कि मुर्शिदाबाद हिंसा मामलों में 100 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। हमने अब तक इन मामलों में 276 लोगों को गिरफ्तार किया है।वक्फ अधिनियम में संशोधन को लेकर हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article