PM Modi greets Amit Shah on birthday- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बृहस्पतिवार को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी प्रशासनिक समझ से देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी हुई है। वर्ष 2019 से देश के गृह मंत्री का पद संभाल रहे शाह बृहस्पतिवार को 62 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी प्रशासनिक समझ ने देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है।
माओवाद की समस्या को खत्म करने का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि माओवाद की समस्या को खत्म करने और नशामुक्त समाज बनाने के सरकार के सपने को साकार करने की दिशा में शाह की उपलब्धियां विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा, मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लंबा और स्वस्थ जीवन मिले, ताकि वह जनता की सेवा करते रहें। शाह ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा, आपके सराहना भरे शब्द देश को गौरव, समृद्धि और प्रगति की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए काम करते रहने के हमारे संकल्प को और मजबूत करते हैं।
शाह ने एक्स पर कहा, चाहे माओवाद हो या नशीले पदार्थों की समस्या, आपके नेतृत्व में हम देश की शांति और संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करने वाली हर चीज को जड़ से खत्म करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
सुवेंदु अधिकारी शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका "निर्णायक नेतृत्व और अटूट समर्पण" देश भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका निर्णायक नेतृत्व, अटूट समर्पण और राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और प्रगति के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता भारत भर में लाखों लोगों को प्रेरित करती रहेगी। अधिकारी ने आगे कहा, इस शुभ दिन पर, मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि वे आपको अच्छे स्वास्थ्य, सुख और मातृभूमि की सेवा में दीर्घायु का आशीर्वाद दें।
आंध्र सीएम नायडू ने भी दी शुभकामनाएं
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और राष्ट्र की सेवा में कई और वर्षों की कामना की। मुख्यमंत्री नायडू ने शाह के समर्पण और नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और एकता के लिए उनके प्रयास लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
नायडू ने अपने पोस्ट में कहा, हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र की सुरक्षा और एकता के लिए आपका अटूट समर्पण, सशक्त नेतृत्व और अथक प्रयास हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। (पीटीआई)
