Mumbai Rain: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश और जलभराव के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। बुधवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की मेयर रितु तावड़े जब किंग्स सर्कल इलाके के गांधी मार्केट में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण कर रही थीं, उसी दौरान एक बीएमसी सुपरवाइजर पास मौजूद खुले जल चैनल (वॉटर चैनल) में गिर गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब मेयर रितु तावड़े बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था और पंपिंग सिस्टम का जायजा ले रही थीं। सुपरवाइजर अचानक खुले चैनल के पास फिसलकर गिर गया, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने उठाए सवाल
घटना के वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने मुंबई की मॉनसून तैयारियों और BMC की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि जब निरीक्षण के दौरान ही ऐसी घटना हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है। घटना के बाद मेयर रितु तावड़े नाराज नजर आईं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी वार्ड में कोई जल चैनल या मैनहोल खुला पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बीएमसी ने क्या दी सफाई?
बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, जल चैनल का ढक्कन प्लास्टिक और कचरा निकालने के लिए अस्थायी तौर पर खोला गया था। अधिकारियों का कहना है कि वहां चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग भी की गई थी, लेकिन सुपरवाइजर दूसरी ओर से जाने के दौरान फिसलकर चैनल में गिर गया। बाद में उसने मेयर से माफी भी मांगी। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मंगलवार को मुंबई पहुंचा, जो सामान्य समय से करीब दो सप्ताह देरी से आया। इसके बाद रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
