देश

Sidhi News: चक्काजाम हटवाने गए थाना प्रभारी पर कुल्हाड़ी और हंसिए से हमला, हालत नाजुक; पांच लोगों पर केस दर्ज

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में कमर्जी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद गंभीर वारदात सामने आई है। यहाँ दो पक्षों के बीच नाली निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के कारण लगी सड़क जाम को हटाने पहुँचे कमर्जी थाना प्रभारी (TI) इंद्राज सिंह पर उपद्रवियों ने टांगी (कुल्हाड़ी) और हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Image

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला। AI IMAGE

Sidhi Crime News: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में कमर्जी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नाली निर्माण के विवाद को लेकर सड़क जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) इंद्राज सिंह पर उपद्रवियों ने टांगी (कुल्हाड़ी) और हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया।

कमर्जी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस हिंसक झड़प में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कोरी ने जिला अस्पताल पहुंचकर थाना प्रभारी के स्वास्थ्य का जायजा लिया और डॉक्टरों से चर्चा की।

पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में फैले भारी तनाव को देखते हुए मौके पर डीएसपी सहित पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी संतोष कोरी ने साफ तौर पर कहा है कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article