देश

'कभी नहीं सोचा था प्लेन के नीचे सोना पड़ेगा',SpiceJet की फ्लाइट रद्द होने पर विमान के पास रात बिताने को मजबूर हुए यात्री

मुंबई से गोरखपुर जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट के आखिरी मिनट में कैंसिल होने का मामला सामने आया है। जिसके बाद नाराज यात्रियों ने विमान के पास ही रवने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले के वीडियो भी सामने आए हैं।

Image

SpiceJet की फ्लाइट रद्द होने पर विमान के पास रात बिताने को मजबूर हुए यात्री

1 नवंबर को गोरखपुर से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 553 में सवार यात्रियों को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब बोर्डिंग और उड़ान से पहले की सुरक्षा संबंधी घोषणाएं पूरी होने के बाद एयरलाइन ने अचानक फ्लाइट रद्द कर दी। फ्लाइट रद्द होने के बाद हालात ऐसे बने कि कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर विमान के पास ही रात गुजारनी पड़ी। इस मामले के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट के निर्धारित प्रस्थान समय में दिनभर कई बार देरी हो चुकी थी। करीब एक घंटे तक यात्रियों को विमान के अंदर ही बैठाए रखने के बाद एयरलाइन ने अचानक उड़ान रद्द करने का ऐलान कर दिया। जिसके बाद यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की और विमान के नजदीक जमीन पर बैठ गए और आराम करने लगे। इस दौरान एक महिला यात्री ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए कहा कि कभी सोचा भी नहीं था कि प्लेन के नीचे सोना पड़ेगा।

इस मामले में एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो यात्री विजय लक्ष्मी माल्या ने शेयर किया है। इसमें वह खुद विमान के पास बैठी दिखाई दे रही हैं। कैमरा घुमाने पर आसपास कई अन्य यात्री भी जमीन पर आराम करते नजर आते हैं। मौके पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान भी तैनात दिखाई दे रहे हैं। वहीं, यात्रियों को वापस एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन की दो बसें भी वहां खड़ी थीं।

फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों में मची अफरातफरी

इससे पहले भी यात्री ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें फ्लाइट रद्द होने के बाद का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में कई यात्री नाराज और परेशान नजर आ रहे हैं। कुछ लोग एयरलाइन के फैसले पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

यात्री का आरोप है कि फ्लाइट रद्द होने की घोषणा के बाद पायलट और क्रू के अन्य सदस्य वहां से चले गए,जबकि यात्री असमंजस में रह गए कि अब उन्हें क्या करना है। महिला ने एयरलाइन के इस रवैये को अस्वीकार्य बताते हुए कार्रवाई की मांग भी की। घटना के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी एयरलाइन की व्यवस्था और यात्रियों को दी गई सहायता को लेकर सवाल उठने लगे।

आखिर क्यों रद्द हुई मुंबई-गोरखपुर फ्लाइट?

जब मामले ने तूस पकड़ा तो SpiceJet की तरफ से फ्लाइट कैसिंल होने को लेकर जानकारी दी गई। विमानन कंपनी ने बताया कि मुंबई से गोरखपुर के लिए एक नवंबर 2026 को निर्धारित फ्लाइट SG553 को गंतव्य हवाई अड्डे पर परिचालन संबंधी समय सीमा के कारण रद्द करना पड़ा। एयरलाइन ने बताया कि गोरखपुर एयरपोर्ट एक रक्षा हवाई अड्डा है और वहां रात नौ बजे के बाद विमान संचालन की अनुमति नहीं है। एयरलाइन ने कहा कि निर्धारित समय सीमा से आगे परिचालन की अनुमति नहीं मिल सकी। इसी वजह से फ्लाइट को रद्द करने का फैसला लिया गया।

यात्रियों ने उठाया सवाल- जब उड़ान की अनुमति नहीं थी तो बोर्डिंग क्यों कराई?

वहीं, यात्रियों ने सवाल किया कि जब एयरलाइन को पहले से पता था कि गोरखपुर एयरपोर्ट पर रात नौ बजे के बाद उड़ान संचालित नहीं की जा सकती, तो यात्रियों को विमान में सवार ही क्यों कराया गया? उन्होंने इस पूरी घटना को पेशेवर लापरवाही करार दिया। हालांकि, यात्रियों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

SpiceJet ने फंसे यात्रियों के लिए उठाया यह कदम

घटना के बाद SpiceJet ने प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दो नवंबर को एक अतिरिक्त व्यावसायिक उड़ान की व्यवस्था करने की जानकारी दी। एयरलाइन के अनुसार, इस अतिरिक्त फ्लाइट के जरिए यात्रियों को गोरखपुर पहुंचाया जाना था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article