देश

Monsoon: पहाड़ों से मैदानों तक जमकर बरस रहा मॉनसून, इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Monsoon 2024: आईएमडी के अनुसार अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश हिमाचल प्रदेश पंजाब हरियाणा उत्तराखंड और राजस्थान में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए रविवार को चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई।

Image

IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Monsoon 2024: देश में मॉनसून के शुरू होने के साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश के कारण आम जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है, जबकि असम में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। असम में शनिवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रहने के साथ ही छह और लोगों की मौत हो गई। राज्य की प्रमुख नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं हैं। बाढ़ से करीब 24 लाख लोग प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन के अनुसार, विनाशकारी बाढ़ के चलते चराईदेव में दो तथा ग्वालपाड़ा, मोरीगांव, सोनितपुर और तिनसुकिया जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।

असम में भारी बारिश से लाखों लोग हुए प्रभावित

इस साल असम में बाढ़, भूस्खलन और तूफान से 72 लोगों की मौत हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार, 29 जिलों में बाढ़ से कुल 2396648 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 68768.5 हेक्टेयर फसल जलमग्न हो गई है। कुल 53429 प्रभावित लोगों ने 577 राहत शिविरों में शरण ली है। ब्रह्मपुत्र नदी निमतीघाट, तेजपुर, ग्वालपाड़ा और धुबरी में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसकी सहायक नदियां भी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

वहीं उत्तराखंड में मानसून टूट कर बरस रहा है। नदियां उफान पर है और पिछले 24 घंटे में प्रदेश भर में सैकड़ों सड़कें भूस्खलन और मलबे के कारण बंद हो गई। अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट का एलान किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा मैदानी इलाकों में भी जमकर बारिश हो रही है। कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक हर जिले में पानी बरस रहा है।

IMD ने बारिश का रेड अलर्ट किया जारी

मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कुमाऊं के 6 जिलों समेत पौड़ी और रुद्रप्रयाग के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। नैनीताल में शनिवार रात और रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जनता को अलर्ट पर रहने के साथ नदी, नालों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अनावश्यक यात्रा न करने की अपील भी की है। दिल्ली में मौसम विभाग ने बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान किया है और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बिहार में पिछले 24 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के नदी-नाले जहां उफान पर हैं, वहीं कोसी समेत कई नदियों का जल स्तर विभिन्न जगहों पर खतरे के निशान को पार कर चुका है। बिहार के लिए मौसम विभाग ने 8 जुलाई तक के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को भारी बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में शाम के समय मूसलाधार बरसात हुई। यूपी के मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, लरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, शाहजहांपुर और आसपास के इलाके में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी ने बताया कि 7-8 जुलाई को भारी बारिश की स्थिति में कमी होने तथा उत्तर-पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 9-10 जुलाई से दोबारा पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में आगामी 2-3 दिन दोपहर बाद मेघ गर्जन, आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के भिंड, मुरैना, बैतूल, बालाघाट और सिंगरौली में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article