Weather Update: पूरे देश में मानसून का आगमन हो चुका है और अधिकतर राज्यों में झमाझम बारिश का दौर है। समय पर मानसून के पहुंचने से न सिर्फ गर्मी से राहत मिली है बल्कि इसने कई आशंकाओं को भी दूर किया है। देश में कुछ ही स्थान रह गए हैं जहां बारिश होना बाकी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में पहुंच गया है और राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। आईएमडी ने महाराष्ट्र, गोवा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और अन्य सहित कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है।
एक सप्ताह पहले ही पहुंचा मानसून
समाचार एजेंसी एएनआई ने आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के हवाले से कहा, दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य तारीख 8 जुलाई से लगभग एक सप्ताह पहले पूरे देश में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मानसून विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय है, जहां अगले पांच दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने अपने नवीनतम बुलेटिन में कहा, दक्षिणी यूपी के मध्य भागों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में पूर्वी यूपी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2 जुलाई से 7 जुलाई तक इस क्षेत्र में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटना जारी रहने की उम्मीद है।
अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। उत्तर बंगाल के बाकी जिलों में इसी अवधि के दौरान गरज और बिजली के साथ काफी अधिक बारिश की उम्मीद की जा सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान इस क्षेत्र में हल्की या मध्यम छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में भी भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मन्नार की खाड़ी और लक्षद्वीप के तटीय इलाकों में मछुआरों को भी चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में अगले पांच दिनों के दौरान और गुजरात में 2 और 6 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में जून में कम बारिश
आईएमडी ने कहा है कि कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार को छोड़कर पूरे देश में जुलाई में मानसून सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम कार्यालय ने कहा कि सामान्य तिथि आठ जुलाई से पहले रविवार को ही मानसून पूरे देश में पहुंच गया। करीब 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जून में कम बारिश हुई है। बिहार में सामान्य से 69 प्रतिशत और केरल में 60 फीसद कम बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे कुछ अन्य राज्यों में भी दक्षिण-पश्चिमी मानसून के पहले महीने जून में सामान्य से कम बारिश हुई।
आईएमडी ने कहा है कि जुलाई 2023 के दौरान पूरे देश में औसत मासिक वर्षा सामान्य (एलपीए का 94 से 106 प्रतिशत) रहने का अनुमान है। आने वाले पांच दिन में दक्षिण राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। सिक्किम बंगाल समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना है लेकिन मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसलिए अगर कहीं मौसम का आनंद लेना चाहते हैं तो नीचे आईएमडी के वीडियो में विस्तार से जानकारी हासिल करें।
