पेट्रापोल सीमा पर विरोध-प्रदर्शन
पेट्रापोल सीमा पर पहुंचने के बाद एक भिक्षु ने कहा, हम भारत सरकार और बांग्लादेश सरकार को शांति का संदेश देने के लिए मानव श्रृंखला बनाएंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचारों को तत्काल रोकने की मांग करेंगे। अखिल भारतीय संत समिति के बंगाल चैप्टर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद ने रविवार को कहा था कि पेट्रापोल सीमा पर आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि बांग्लादेश सरकार हिंदुओं और मंदिरों पर हमले रोकने के लिए कार्रवाई नहीं करती।
चिन्मय दास की रिहाई की मांग
इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (ISKCON) पिछले कुछ दिनों से कोलकाता में अपने अल्बर्ट रोड सेंटर में प्रार्थना सभाओं और कीर्तन का आयोजन कर रहा है, जिसमें चिन्मय दास की रिहाई की मांग की जा रही है। पड़ोसी देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों की दुर्दशा पर चिंता जताई जा रही है।
बांग्लादेश की 17 करोड़ आबादी में से करीब 8 प्रतिशत अल्पसंख्यक हिंदू हैं, जिन पर 5 अगस्त को शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से 50 से ज़्यादा जिलों में 200 से अधिक हमले हुए हैं। हिंदू आध्यात्मिक नेता चिन्मय दास को बांग्लादेश में देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें एक अदालत ने ज़मानत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद राजधानी ढाका और बंदरगाह शहर चटगांव सहित विभिन्न स्थानों पर हिंदुओं और इस्कॉन सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पेट्रापोल सीमा पर माल की आवाजाही सामान्य रही। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि औसतन 400 ट्रक बेनापोल सीमा (बांग्लादेश) जा रहे हैं और करीब 150 ट्रक भारत में प्रवेश कर रहे हैं। इसके अलावा, 5,000-6,000 लोग रोजाना सीमा पार कर रहे हैं, हालांकि यह संख्या सामान्य 7,000-8,000 से कम है।
