Satya Niketan building collapse: सत्य निकेतन हादसे में दिल्ली सरकार ने एक के बाद एक पांच अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इस हादसे में अभी तक सात छात्रों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में सबसे बड़ा नाम MCD के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार का है।
कौन-कौन से पांच अधिकारी हुए सस्पेंड?
- राकेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर, साउथ जोन
- रणवीर सिंह, SE south जोन
- ललित कुमार गोयल, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर(बिल्डिंग) साउथ जोन
- सुनील चौहान, असिस्टेंट इंजीनियर, साउथ जोन
- आशीष कुमार, जूनियर इंजीनियर, साउथ जोन
सात लोगों की मौत
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन की एक संकरी गली में लड़कों के पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत रविवार अपराह्न ढह गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई चुकी है, 12 लोग बचाए जा चुके हैं और कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया, ’’यह इमारत पेइंग गेस्ट (पीजी) के रूप में इस्तेमाल हो रही थी। आरोप है कि भूतल पर मरम्मत का काम हो रहा था जिसके कारण इमारत ढह गई। आरोपित लोगों की तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं।’’
एमसीडी के अनुसार लड़कों के छात्रावास के रूप में इस्तेमाल हो रही यह पांच मंजिला इमारत करीब 30 साल पुरानी थी। यह पुनर्वास कॉलोनी में 55 वर्ग गज क्षेत्र में बनी भूतल और चार मंजिला (जी प्लस 4) इमारत थी, जबकि इसके निर्माण के लिए पहले केवल भूतल और एक मंजिल (जी प्लस 1) की अनुमति दी गई थी। एमसीडी ने पास की एक अन्य इमारत जिसका इस्तेमाल महिला पीजी के तौर पर किया जा रहा था, उसके किरायेदारों को बाहर निकालकर उसे सील कर दिया है। संकरी एवं भीड़भाड़ वाली गलियों वाले इस इलाके में कई छात्रावास और भोजनालय हैं।
