देश

मोदी है तो मुमकिन है...पीएम की तारीफ में जेडीयू सांसद की टिप्पणी से पार्टी में मची खलबली

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 5, 2023, 10:05 AM IST

सीतामढ़ी से सांसद सुनील कुमार पिंटू ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की भारी जीत के बाद मोदी की तारीफ कर डाली।

Image

Modi Nitish

Photo : PTI

JDU MP Praises Modi: तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी मिली जबरदस्त जीत के बाद विपक्ष में खलबली मची हुई है। एक तरफ जहां इंडिया गठबंधन में उठापटक शुरू हो गई है वहीं बिहार में भी इसका असर दिखने लगा है। बिहार में तब विवाद खड़ा हो गया जब जनता दल (यू) के एक लोकसभा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और भाजपा का चुनावी नारा- 'मोदी है तो मुमकिन है' कहकर जेडीयू में ही हलचल मचा दी।

जेडीयू सांसद ने की मोदी की तारीफ

सीतामढ़ी से सांसद सुनील कुमार पिंटू ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की भारी जीत के बाद मोदी की तारीफ कर डाली। पिंटू ने कहा, चुनाव नतीजों को देखने से पता चलता है कि 'मोदी है तो मुमकिन है'। उनकी टिप्पणी पर जद (यू) ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि अगर पिंटू पीएम मोदी से प्रभावित हैं तो उन्हें लोकसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए।

बीजेपी ने किया समर्थन

दूसरी ओर, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने पिंटू की टिप्पणी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, जद(यू) सांसद द्वारा दिया गया बयान कि 'मोदी है तो मुमकिन है' दिखाता है कि हर व्यक्ति समझता है कि अभी स्थिति क्या है। पिछले साल जद (यू) ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था और एनडीए से बाहर हो गई थी। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने राजद और कांग्रेस से हाथ मिलाया जो महागठबंधन के घटक हैं और नीतीश फिर से मुख्यमंत्री बने थे।

बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन

बीजेपी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया जबकि मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी है। तमाम कयासों के बावजूद राजस्थान में अशोक गहलोत राज कायम नहीं रख सके और यहां हर 5 साल सत्ता बदलने का रिवाज ही कायम रहा। वहीं, बीजेपी ने सत्ता विरोधी चुनौती को पार करते हुए मध्य प्रदेश में दोबारा सरकार बनाई। छत्तीसगढ़ में सभी सियासी पंडितों के अनुमान फेल साबित हुए और बीजेपी ने यहां भी 5 साल बाद जोरदार वापसी की।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article