Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार भारी बारिश से प्रभावित महाराष्ट्र के किसानों को हरसंभव सहायता देगी। अहिल्यानगर जिले में एक कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि कल तीनों विधायकों (देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार) ने मेरे साथ लंबी बैठक की। मोदी जी की ओर से मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि महाराष्ट्र सरकार हमें एक विस्तृत रिपोर्ट भेजे। मोदी जी महाराष्ट्र के किसानों की मदद करने में देर नहीं करेंगे। यह सब इसलिए संभव हुआ है क्योंकि महाराष्ट्र की जनता ने एक ऐसी सरकार चुनी है जो सबकी परवाह करती है। हमारे सभी एनडीए विधायकों ने राहत कोष में एक महीने का वेतन दान किया है।
बारिश से 60 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि प्रभावित
अहिल्यानगर जिले में डॉ. विट्ठलराव विखे पाटिल सहकारी चीनी कारखाने की विस्तारित क्षमता का उद्घाटन करने के बाद एक किसान रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश से 60 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि प्रभावित हुई है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ आने से व्यापक नुकसान हुआ है।
शाह ने कहा, मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्रियों - एकनाथ शिंदे और अजित पवार के साथ एक विस्तृत बैठक की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से, मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि एक बार विस्तृत रिपोर्ट हमें सौंप दिए जाने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र के किसानों को कोई भी मदद देने में देरी नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पिछले वर्ष की सहायता में से 3,132 करोड़ रुपये पहले ही जारी कर चुकी है, जिसमें इस वर्ष अप्रैल में दी गई 1,631 करोड़ रुपये की सहायता भी शामिल है। शाह ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने भी 2,215 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की है, जिससे 31 लाख से ज्यादा किसानों को लाभ हुआ है।
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की परेशानी कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये की नकद सहायता और 35 किलोग्राम अनाज उपलब्ध कराया है। ऋण वसूली रोक दी गई है, ई-केवाईसी मानदंडों में एक बार के लिए ढील दी गई है और राजस्व कर और स्कूल फीस में राहत दी गई है।
