मोदी सरकार देश में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने जाने जा रही है। एक के बाद कई राज्यों में एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं या बनाए जा चुके हैं। मोदी सरकार का प्लान है कि देश का हर इलाका एक्सप्रेसवे से कनेक्ट हो, ताकि यात्रा से लेकर ट्रांसपोर्टेशन तक में आसानी हो और समय की बचत हो।
हर 50-100KM के दायरे में एक्सप्रेसवे
प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने कहा है कि देश के किसी भी हिस्से में 50 से 100 किलोमीटर के दायरे में कोई-न-कोई एक्सप्रेसवे होगा। कपूर ने 20वें भारत-अमेरिका शिखर सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा- "हमारा इरादा लोगों को 50 से 100 किलोमीटर के दायरे में एक्सप्रेसवे तक पहुंच मुहैया कराने का है।"
लगातार हो रहा प्रयास
हालांकि उन्होंने देश में एक्सप्रेसवे का इतना व्यापक नेटवर्क खड़ा करने की कोई समयसीमा नहीं दी। उन्होंने देश भर में एक्सप्रेसवे संपर्क मुहैया कराने के बारे में कहा कि यह काम मुश्किल है लेकिन हम उस दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।
सड़क मार्ग के जरिए माल की ढुलाई
आगे तरुण कपूर ने कहा कि हम सामान की ढुलाई के लिए काफी हद तक सड़क परिवहन पर ही निर्भर रहे हैं। फिलहाल 25 प्रतिशत माल ढुलाई ही रेलवे के जरिये होती है। ऐसे में सरकार ने एक्सप्रेसवे जैसी बेहतर सड़कें बनाने की कोशिश की है जहां हादसे कम हों और रफ्तार बढ़े।
90000 KM लंबा नेटवर्क
उन्होंने कहा कि देश का सड़क नेटवर्क इस समय करीब 90,000 किलोमीटर लंबा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क बेहतर करने की जरूरत पर भी बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने औद्योगिक उत्पादन केंद्रों को बंदरगाहों से सड़क के जरिये जोड़ने की भी वकालत की।
