देश

मोदी सरकार 3.0: कैबिनेट में 33 नए चेहरे, 6 मंत्रियों का संबंध मशहूर राजनीतिक परिवारों से, 3 पूर्व सीएम

मोदी सरकार में पहली बार मंत्री बनने वाले सात लोग सहयोगी दलों से हैं, जिनमें टीडीपी से के. राममोहन नायडू और पी. चंद्रशेखर, जद (यू) के ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर, आरएलडी के जयंत चौधरी, लोजपा के चिराग पासवान और जद (एस) के एच.डी. कुमारस्वामी शामिल हैं।

Image

मोदी कैबिनेट में नए मंत्री

New Faces in Modi Cabinet: नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के लिए रविवार को शपथ लेने वाली मंत्रिपरिषद में 33 नए चेहरे शामिल हुए हैं। इनमें से कम से कम छह मंत्री मशहूर राजनीतिक परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट में पहली बार शामिल होने वालों में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों- शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश), मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा) और एचडी कुमारस्वामी (कर्नाटक) का भी नाम है।

पहली बार मंत्री बनने वाले 7 सांसद सहयोगी दलों से

मोदी सरकार में पहली बार मंत्री बनने वाले सात लोग सहयोगी दलों से हैं, जिनमें टीडीपी से के. राममोहन नायडू और पी. चंद्रशेखर, जद (यू) के ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर, आरएलडी के जयंत चौधरी, लोजपा के चिराग पासवान और जद (एस) के एच.डी. कुमारस्वामी शामिल हैं। राष्ट्रीय लोक दल (के 45 वर्षीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, भारत के पांचवें प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पोते और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के पुत्र हैं।

चिराग पासवान पहली बार बने मंत्री

बिहार के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक दिवंगत रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में अपनी पारी शुरू करने जा रहे हैं। उनकी पार्टी लोजपा (रामविलास) ने बिहार में जिन पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था, उन सभी पर जीत हासिल की। जनता दल (यूनाइटेड) के रामनाथ ठाकुर प्रसिद्ध समाजवादी नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं। कर्पूरी ठाकुर को इस वर्ष के प्रारंभ में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

बेअंत सिंह के पोते को भी मौका मिला

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते रवनीत सिंह बिट्टू मोदी मंत्रिमंडल में नए सदस्य हैं। बेअंत की 1995 में खालिस्तानी आतंकवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। महाराष्ट्र के वरिष्ठ राकांपा नेता एकनाथ खडसे की पुत्रवधू रक्षा खडसे ने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली।

उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र को मंत्रिमंडल में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व

प्रधानमंत्री की नई कैबिनेट में उत्तर प्रदेश और बिहार को अधिकतम प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि महाराष्ट्र से भी छह सांसदों को मंत्री बनाया गया, जहां विधानसभा चुनाव इस साल होने हैं। लोकसभा में सबसे अधिक 80 सदस्य भेजने वाले उत्तर प्रदेश को नौ मंत्री पद मिले हैं, जिनमें एक कैबिनेट मंत्री शामिल है जबकि बिहार से आने वाले कुल आठ मंत्रियों में से चार को कैबिनेट पद मिले हैं। रविवार को शपथ लेने वाली मंत्रिपरिषद में महाराष्ट्र से दो कैबिनेट मंत्रियों सहित छह मंत्री बने हैं जबकि गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान से पांच-पांच सांसदों को मंत्री बनाया गया है। हरियाणा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु से तीन-तीन मंत्री बनाए गए हैं। ओडिशा, असम, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, पश्चिम बंगाल और केरल को दो-दो मंत्रिपद मिले हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article