देश

बीजापुर के कोंडापल्ली में पहली बार पहुंचा मोबाइल नेटवर्क, लोगों ने बजाए ढोल–मांदर; जलाए दीपक

बस्तर के जिन इलाकों में कभी नक्सलवाद के डर ने प्रगति की हर राह रोक दी थी, वहां अब पूरी तस्वीर बदल रही है। बीजापुर के दूरस्थ कोंडापल्ली गांव में पहली बार मोबाइल नेटवर्क पहुँचने के बाद वर्षों की बंदिशें टूटीं और लोगों को लगा कि विकास अब सचमुच घर–द्वार पर दस्तक दे रहा है।

bijapur

बीजापुर के कोंडापल्ली गांव में पहली बार पहुंचा मोबाइल नेटवर्क।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

बस्तर के जिन इलाकों में कभी नक्सलवाद के कारण भय और अलगाव का माहौल था, वहां अब बदलते दौर की स्पष्ट झलक दिखाई देने लगी है। बीजापुर के दूरस्थ ग्राम कोंडापल्ली में पहली बार मोबाइल नेटवर्क पहुंचने के साथ ही न सिर्फ तकनीकी सुविधा आई, बल्कि लोगों के मन में यह विश्वास भी जागा कि नक्सलवाद की समाप्ति अब जमीन पर दिखने लगी है। जैसे ही ग्रामीणों के मोबाइल फोन में सिग्नल दिखाई दिया, आदिवासी परिवार बड़ी संख्या में टॉवर के पास पहुंचे।

उन्होंने ढोल–मांदर बजाए, कुछ बुज़ुर्गों ने मोबाइल टॉवर को हाथ लगाकर प्रणाम किया और कई महिलाओं ने दीपक जलाकर पूजा-अर्चना की। यह दृश्य उस बदलाव का प्रतीक बन गया जिसकी प्रतीक्षा वर्षों से थी।

कोंडापल्ली तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित एक घना वनांचल है, जहां वर्षों से सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। ऐसे में गंव में मोबाइल टॉवर स्थापित होना स्थानीय समुदाय के लिए केवल तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि दुनिया से जुड़ने का प्रतीक बन गया।

बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहा इलाका

कोंडापल्ली लंबे समय से संचार, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहा है। प्रशासनिक पहुंच की कठिनाइयों और नक्सली अवरोधों के बीच यहां तकनीकी ढांचा विकसित करना बड़ी चुनौती था। लेकिन लगातार अभियान, सुरक्षा सुधार और सरकारी पहलों के कारण अब यह इलाका तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता को ग्रामीणों ने सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि नई ज़िंदगी की शुरुआत माना।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू की गई नियद नेल्ला नार योजना ने इस परिवर्तन में अहम भूमिका निभाई है। योजना के तहत 69 नए कैम्पों के आसपास 403 गांवों में सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। 9 विभागों की सामुदायिक सेवाएं और 11 विभागों की व्यक्तिमूलक योजनाओं को नियमित रूप से हर परिवार तक पहुंचाया जा रहा है। बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, संचार और पेयजल जैसी सुविधाएँ अब पूर्व की तुलना में ज्यादा सुगमता से उपलब्ध हो रही हैं।

bijapur

मोबाइल नेटवर्क पहुंचने की खुशी में लोगों ने बजाए ढोल।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)

पहली बार डिजिटल दुनिया से जुड़ रहा कोंडापल्ली

संचार क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। कुल 728 नए टॉवर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 116 टॉवर LWE क्षेत्रों में और 115 आकांक्षी जिलों में लगाए गए। 467 टॉवर 4G सेवा के साथ चालू हुए हैं, जबकि 449 पुराने टॉवरों को 2G से 4G में अपग्रेड किया गया है। जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में पहली बार नेटवर्क पहुंचने से सैकड़ों परिवार डिजिटल दुनिया से जुड़े हैं।

कोंडापल्ली में प्रशासनिक कैम्प शुरू होने के बाद अधिकारियों की नियमित पहुंच सुनिश्चित हुई है। BRO द्वारा लगभग 50 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। दो महीने पहले पहली बार बिजली पहुंचने से बच्चों की पढ़ाई आसान हुई, नए छोटे व्यवसाय शुरू हुए, और रातें पहले से कहीं अधिक सुरक्षित महसूस होने लगीं। लगातार लगाए जा रहे सेचुरेशन शिविरों में ग्रामीणों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है।

मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होने के बाद आधार प्रमाणीकरण, बैंकिंग सेवाएं, पेंशन, राशन संबंधी प्रक्रियाएं, ऑनलाइन शिक्षा और टेली-मेडिसिन जैसी सेवाएँ अब सरल होंगी। जो लोग पहले इन सुविधाओं तक पहुँचने के लिए कई किलोमीटर जंगल पार करते थे, अब घर बैठे ही इनका लाभ ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को बस्तर के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि कोंडापल्ली में नेटवर्क का पहुंचना केवल संचार सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि उन सपनों के पुनर्जीवन का संकेत है जो वर्षों से उपेक्षित रहे। उनका कहना है कि राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर के हर गांव को डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं की पूर्ण पहुँच दिलाना है और यह बदलाव आने वाले समय में और भी व्यापक होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Piyush Kumar
Piyush Kumar author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article