नई दिल्ली: भारत सरकार का ‘कनेक्ट नॉर्थ ईस्ट’ मिशन एक और बड़ी सफलता की ओर बढ़ गया है। मिजोरम की राजधानी आइजोल तक पहली बार ट्रेन पहुंच गई है। बुधवार को नए रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी का स्पीड ट्रायल सफल रहा।
यह प्रोजेक्ट मिजोरम को बाकी भारत से जोड़ने के लिए शुरू किया गया था। अब यह नॉर्थ ईस्ट का चौथा राज्य बन गया है जो पूरी तरह रेलवे नेटवर्क से जुड़ चुका है। इससे पहले असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश जुड़ चुके हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही इस रूट पर पैसेंजर ट्रेनें भी शुरू होंगी, जिससे मिजोरम के लोग सीधे दिल्ली जैसे शहरों तक ट्रेन से सफर कर सकेंगे।
51 किलोमीटर लंबा यह ट्रैक पहाड़ी और मुश्किल इलाके में बनाया गया है। इसमें 48 सुरंगें, 55 बड़े पुल, और 87 छोटे पुल शामिल हैं। एक पुल तो कुतुब मीनार से भी ऊंचा (104 मीटर) है। यह रेलवे लाइन सिर्फ आम लोगों के लिए नहीं, बल्कि सेना के लिए भी अहम है क्योंकि यह बांग्लादेश और म्यांमार की सीमा के पास है। इस प्रोजेक्ट से मिजोरम में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
