देश

मंत्री अशोक चौधरी के ट्वीट से बिहार की राजनीति में बवाल, क्या नीतीश कुमार पर साधा निशाना?

अशोक चौधरी के इस ट्वीट ने सियासी बवाल मचा दिया है। इस पूरे मामले में कहीं न कहीं निशाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को माना जा रहा है।

Image

अशोक चौधरी (File photo)

Photo : PTI

Ashok Chaudhary's tweet: बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के एक ट्वीट ने बिहार की राजनीति में बवाल मचा दिया है। अशोक चौधरी ने जो ट्वीट किया है उसे सीएम नीतीश कुमार पर तंज माना जा रहा है। अशोक चौधरी के इस ट्वीट के बाद जेडीयू उन्हें खुलकर सामने आने की चुनौती दे रही है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने अशोक चौधरी को खुलकर सामने आकर अपनी बात रखने की चुनौती दी है।

अशोक चौधरी ने ट्वीट किया है- बढ़ती उम्र में इन्हें छोड़ दीजिए, एक दो बार समझाने से यदि कोई नहीं समझ रहा है तो सामने वाले को समझाना छोड़ दीजिए। बच्चे बड़े होने पर भी वह खुद के निर्णय लेने लगे तो उनके पीछे लगना छोड़ दीजिए।

अशोक चौधरी के ट्वीट ने सियासी बवाल

अशोक चौधरी के इस ट्वीट ने सियासी बवाल मचा दिया है। इस पूरे मामले में कहीं न कहीं निशाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के इस ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें अपने आवास पर तलब कर लिया है। अशोक चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात हुई।

मुलाकात के बाद नीतीश कुमार की जमकर तारीफ

नीतीश कुमार से मिलने के बाद अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार की खूब तारीफ की और अपने पोस्ट पर सफाई भी दी। अशोक चौधरी ने कहा हमें किसी व्यक्ति ने भेजा था, हमें अच्छा लगा हमने ट्वीट कर दिया। आजकल के बच्चे बात नहीं मानते हैं। कितना पीछे जाइएगा। वहीं, जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा कि जिसको जितनी बुद्धि है, वह उतना ही दिमाग लगाएगा।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे मानस पिता हैं। मैं पहला दलित व्यक्ति हूं जिसको उन्होंने 6 महीना तक बिना किसी सदन का सदस्य रहते हुए मंत्री बना कर रखा और नीतीश कुमार पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने हमें इतनी इज्जत दी है। मैं उस व्यक्ति के खिलाफ कैसे जा सकता हूं। यह ट्वीट पॉलिटिकल नहीं था, यह कोई विवाद भी नहीं है। आज के समय में जितना ज्यादा विवाद से दूर रहा जाए, अपना काम किया जाए, किसी के पीछे नहीं भागा जाए। बच्चे बात नहीं सुनते हैं, कितना बच्चों के पीछे जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी से कोई नाराजगी नहीं है। हमारे नेता हमें सबसे ज्यादा प्यार करते हैं। जीवन में सबसे ज्यादा सम्मान नीतीश कुमार ने दिया। नीतीश कुमार से आज की मुलाकात पर चौधरी ने कहा कि इसमें नया क्या है, मैं रोज जाता हूं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article