Milind Deora: राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए मणिपुर निकल चुके हैं। इससे पहले की राहुल गांधी अपनी यात्रा को शुरू कर पाते, कांग्रेस को महाराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
आज ही मिलिंद देवड़ा ने दिया था इस्तीफा
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा रविवार को कांग्रेस छोड़ने के कुछ घंटों बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। एकनाथ शिंदे ने देवड़ा को भगवा ध्वज भेंट कर शिव सेना में शामिल किया। मिलिंद देवड़ा ने रविवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपने इस्तीफे की पुष्टि की और इसे अपनी राजनीतिक यात्रा में "एक महत्वपूर्ण अध्याय का निष्कर्ष" बताया।
पीएम मोदी की तारीफ
एकनाश शिंदे वाली शिवसेना में शामिल होने के समय देवड़ा ने कहा कि यह उनके लिए बहुत भावनात्मक दिन है। उन्होंने कहा- "मैं कांग्रेस छोड़ दूंगा, मैंने कभी इसकी कल्पना नहीं की थी। आज, मैंने एकनाथ शिंदे जी के नेतृत्व में शामिल होने के लिए कांग्रेस के साथ अपना 55 साल का रिश्ता तोड़ दिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सभी के लिए उपलब्ध हैं। वह एक ऐसे व्यक्ति हैं (जो) पूरी तरह से जमीन से जुड़े हुए हैं...मोदी जी और अमित शाह जी का देश के लिए दृष्टिकोण बहुत बड़ा है और इसलिए मैं उनके साथ जुड़ना चाहता हूं।"
क्या बोले मिलिंद देवड़ा
मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर इस्तीफा की घोषणा करते हुए कहा- "आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ है। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का उनके अटूट योगदान के लिए आभारी हूं।"
