देश

अब शिवसेना-UBT और कांग्रेस में ठनी, मुंबई साउथ सीट पर विवाद, मिलिंद देवड़ा ने दे डाली धमकी

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 7, 2024, 08:43 PM IST

दिवंगत कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा के बेटे मिलिंद ने रविवार को वीडियो के माध्यम से जारी वक्तव्य में कहा कि मुंबई दक्षिण सीट परंपरागत रूप से कांग्रेस के पास रही है और देवड़ा परिवार सालों से इस संसदीय क्षेत्र से जुड़ा रहा है।

Image

मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना UBT को दे डाली धमकी

Photo : PTI

विपक्षी पार्टियों का गठबंधन इंडिया एलायंस में सबकुछ तो बिलकुल ठीक नहीं चल रहा है। तृणमूल के साथ सीधे टक्कर के बाद अब कांग्रेस की महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना से विवाद हो गया है। एक सीट को लेकर कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा, शिवसेना यूबीटी को धमकी तक दे डाली है।

क्या बोले मिलिंद देवड़ा

मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से अपने प्रत्याशी को उतारने के शिवसेना (यूबीटी) के दावे से नाखुश वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने रविवार को कहा कि अगर गठबंधन के एक सहयोगी के इस तरह के बयान नहीं रुकते तो उनकी पार्टी भी लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के लिए आगामी लोकसभा चुनाव आसान नहीं होगा, इसलिए किसी को दावे नहीं करने चाहिए।

2019 में जीती थी शिवसेना

देवड़ा की टिप्पणी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा मुंबई दक्षिण सीट पर दावा करने के बयानों के बाद आई है। इस सीट पर 2019 में शिवसेना को जीत मिली थी।

मुरली देवड़ा के बेटे हैं मिलिंद

दिवंगत कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा के बेटे मिलिंद ने रविवार को वीडियो के माध्यम से जारी वक्तव्य में कहा कि मुंबई दक्षिण सीट परंपरागत रूप से कांग्रेस के पास रही है और देवड़ा परिवार सालों से इस संसदीय क्षेत्र से जुड़ा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाये गये देवड़ा ने कहा- "मेरा परिवार हमारे काम के आधार पर यहां के मतदाताओं से जुड़ा है और ये रिश्ते कई सालों में विकसित हुए हैं।"

शिवसेना पर परोक्ष रूप से हमला

शिवसेना (यूबीटी) का नाम लिये बिना देवड़ा ने कहा कि वह अनावश्यक विवाद खड़ा नहीं करना चाहते थे लेकिन एक गठबंधन साझेदार सीट बंटवारे पर एकतरफा दावा कर रहा है। उन्होंने कहा- "पिछले हफ्ते उनके प्रवक्ता ने कांग्रेस से शून्य से शुरुआत करने को कहा था। यही पर्याप्त नहीं था, कल गिरगांव में सहयोगी दल की एक रैली में मुंबई दक्षिण सीट पर नये सिरे से दावा किया गया।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!