देश

बिजली कटौती पर 'जमकर नाच' रहे केरल के मुख्यमंत्री सतीशन, वायरल वीडियो को Meta ने किया ब्लॉक, क्या है माजरा?

इस वीडियो में मुख्यमंत्री को राज्य में हाल ही में हुए पावर कट के मुद्दे पर केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) के अधिकारियों के साथ डांस करते हुए दिखाया गया था।

Image

केरल के सीएम वीडी सतीशन

Photo : PTI

Meta restricts viral AI video- सोशल मीडिया दिग्गज टेक कंपनी मेटा (Meta) ने केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन (VD Satheesan) के एआई-जनरेटेड डांस वीडियो पर भारत में एक्सेस बैन लगा दिया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री को राज्य में हाल ही में हुए पावर कट के मुद्दे पर केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) के अधिकारियों के साथ डांस करते हुए दिखाया गया था। यह वीडियो इंस्टाग्राम पेज 'aikavala' पर गुरुवार को पोस्ट किया गया था, जिसे रविवार तक 1.78 करोड़ (17.8 मिलियन) से अधिक व्यूज मिल चुके थे।

भारत सरकार के कानूनी अनुरोध पर कार्रवाई

वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स ने रविवार को एक पोस्ट के जरिए बताया कि मेटा ने उन्हें संदेश भेजा है कि भारत सरकार से मिले कानूनी नोटिस के अनुपालन में आपके कंटेंट का एक्सेस भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से की थी तारीफ

हाल ही में केरल उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने खुद इस वीडियो का जिक्र किया था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह इस वीडियो को देखकर काफी उत्साहित हैं और दावा किया था कि वह मलयालम अभिनेता मोहनलाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से भी बेहतर डांस कर सकते हैं।

क्रिएटर का बयान

'aikavala' पेज चलाने वाले अभिजीत ने मीडिया को बताया कि उन्हें नहीं लगता कि यह प्रतिबंध मुख्यमंत्री कार्यालय की किसी आपत्ति के कारण लगा है। उन्होंने कहा, हमें असल वजह नहीं पता। मुख्यमंत्री ने तो सार्वजनिक मंच पर इसकी तारीफ की थी। यह वीडियो अभी भी अन्य देशों से देखा जा सकता है।

पोस्ट हटाने का पुराना विवाद

केरल में सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा के बीच कंटेंट हटाने को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मेटा ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री सतीशन की आलोचना करने वाले कई समाचार वीडियो और कंटेंट को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया था। उस समय विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार के दबाव में यह कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी थी सफाई

उस समय मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने स्पष्ट किया था कि उनके कार्यालय से किसी भी पोस्ट या वीडियो को हटाने का कोई अनुरोध नहीं भेजा गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने मेटा को पत्र लिखकर उन वीडियो को फिर से बहाल करने का अनुरोध किया था। तब मेटा ने उन वीडियो को हटाने के पीछे "तकनीकी त्रुटियों" का हवाला दिया था।

डीपफेक और AI जनरेटेड कंटेंट पर नकेल

हाल के महीनों में भारत सरकार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने डीपफेक और एआई-जनरेटेड भ्रामक कंटेंट को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, इस मामले में जहां खुद मुख्यमंत्री ने वीडियो का आनंद लिया था, वहीं केंद्र सरकार के नोटिस के बाद इसे ब्लॉक किए जाने से यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article