देश

PM मोदी की फेसबुक पोस्ट मामले में Meta ने लिखा सरकार को लेटर, कहा- VIP अकाउंट्स की होगी अतिरिक्त निगरानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट गलती से हटने के विवाद के बाद मेटा ने केंद्र सरकार को आश्वासन दिया है कि अब पीएम और अन्य प्रमुख खातों की पोस्ट पर अतिरिक्त निगरानी और कई स्तरों पर समीक्षा की जाएगी। बता दें कि सरकार ने मामले में मेटा की शुरुआती सफाई को अपर्याप्त बताते हुए कंपनी से विस्तृत जवाब मांगा था।

Image

पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट मामले में मेटा ने लिखा पत्र।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट कुछ समय के लिए हटाए जाने के विवाद के बाद सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। इसमें कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि अब प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों के खातों से साझा की जाने वाली सामग्री पर अतिरिक्त स्तर की निगरानी और समीक्षा की जाएगी।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बुधवार को मेटा ने सरकार को भेजे गए पत्र में बताया कि उसने अपनी कंटेंट मॉडरेशन प्रक्रिया में नए सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। कंपनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख लोगों के अकाउंट से होने वाली पोस्ट पर अब वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कई स्तरों पर जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो। सूत्रों के मुताबिक, मेटा की टीम इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में केंद्र सरकार के अधिकारियों से मुलाकात कर इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा भी कर सकती है।

सरकार ने जताई थी नाराजगी

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब केंद्र सरकार ने मंगलवार को मेटा के एक वरिष्ठ अधिकारी को तलब किया था। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। यह पोस्ट कुछ समय के लिए फेसबुक पर प्रतिबंधित (रिस्ट्रिक्ट) हो गई थी। जिसके बाद सरकार की ओर से इस पर आपत्ति जताई गई,जिसके जवाब में मेटा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने कंपनी की सफाई को पर्याप्त नहीं माना।

IT सचिव ने क्या कहा?

इस पूरे मामले को लेकर आईटी सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि मेटा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और माफी भी मांगी है, लेकिन मंत्रालय उसकी ओर से दिए गए स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि उन्होंने गलती मानी और माफी मांगी, लेकिन उनका स्पष्टीकरण पर्याप्त नहीं है। हमने कंपनी से इस मामले में और विस्तृत जानकारी मांगी है।

तकनीकी गड़बड़ी बनी वजह

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मेटा ने बताया है कि उसकी स्वचालित कंटेंट फिल्टर प्रणाली (Automated Content Filters) में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रधानमंत्री की पोस्ट कुछ समय के लिए हट गई थी। वहीं, मेटा के प्रवक्ता ने कहा कि पोस्ट गलती से हट गई थी और त्रुटि का पता चलते ही उसे तुरंत बहाल कर दिया गया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article