देश

UP में 09 अगस्त से 'मेरी माटी-मेरा देश' अभियान, हर गांव-हर नगर से मिट्टी लेकर दिल्ली पहुंचेगी अमृत कलश यात्रा

  • Authored by: कुलदीप राघव
  • Updated Jul 28, 2023, 01:19 PM IST

Meri Mati Mera Desh Abhiyan: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा सीएम योगी आदित्यनाथ ने की। इस कार्यक्रम के तहत हर गांव-हर शहर की मिट्टी एकत्रित होगी और अमृत कलश को दिल्ली ले जाया जाएगा।

Image

CM Yogi attends meeting for Meri Mati Mera Desh Abhiyan

Meri Mati Mera Desh Abhiyan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्वाधीनता दिवस के अवसर पर 'मिट्टी को नमन, वीरों का वन्दन' के संदेश के साथ 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन का कार्यक्रम है। सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस पुनीत कार्यक्रम में हर उत्तर प्रदेश वासी को सहभागी बनना चाहिए। बता दें कि 09 से 15 अगस्त तक की अवधि के इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों/स्थानीय निकायों में शिलाफ़लकम का लोकार्पण होगा। योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तय किए गए 'पंच प्रण' के प्रति हर प्रदेशवासी संकल्पबद्ध हो। वसुधा वंदन करते हुए पौधरोपण किया जाए। वीरों के वंदन के भाव के साथ स्वाधीनता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाए।

लखनऊ से दिल्ली पहुंचेगे अमृत कलश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मेरी माटी-मेरा देश' कार्यक्रम अपने देश, अपनी मातृभूमि के लिए श्रद्धा, आदर एवं सराबोर हो जाने जैसे अपनेपन के भाव से प्रेरित है। इसके तहत हर विकास खंड और नगरीय निकाय से वहां की पावन मिट्टी लेकर अमृत कलश तैयार किया जाए। प्रत्येक जिले में सभी स्थानीय नगरीय निकायों का एक सम्मिलित अमृत कलश बनाएं। जबकि हर विकास खंड का एक-एक पृथक अमृत कलश तैयार किया जाए। यह अमृत कलश लखनऊ और देश के राजधानी दिल्ली में आजादी के अमृत वर्ष की स्मृति के साथ संग्रहीत किए जाएंगे।

हर गांव और शहर से आएगा मिट्टी

अमृत कलश में हर गांव-हर शहर की मिट्टी हो। यह कलश गांव से ग्राम पंचायत, फिर ब्लॉक मुख्यालय होते हुए जिला मुख्यालय पर एकत्रित हो। इसी प्रकार, सभी नगरीय निकायों के कलश जिला मुख्यालय स्थित नगर निगम/नगर पालिका पर एकत्रित हो। इसके बाद यह कलश प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे और फिर नोएडा होते हुए राजधानी दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पूरे देश से आए अमृत कलश के साथ एकत्रित होंगे। हर ग्राम पंचायत/नगरीय निकाय में शिलाफ़लकम स्थापित किया जाना है। शिलाफ़लकम पर आजादी के अमृत वर्ष के विजन प्रदर्शित होगा। स्थानीय वीरों/शहीदों का परिचय प्रदर्शित होगा। हर ग्राम/नगर में शिलाफ़लकम का पूरे सम्मान के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित कर लोकार्पण किया जाए।

09 से 15 अगस्त तक चलेगा कार्यक्रम

मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी जिलाधिकारियों से संवाद कर बेहतर कार्ययोजना तैयार कर लें। 09 से 15 अगस्त तक हर दिन का कार्यक्रम तय करें राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन, प्रभात फेरियां, नुक्कड़ नाटक आदि के आयोजन भी किये जायें।

कुलदीप राघव
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article