देश

Meghalaya में भीड़ ने मुख्यमंत्री के कार्यालय पर हमला किया, पांच पुलिसकर्मी घायल-Video

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 24, 2023, 11:31 PM IST

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठी चार्ज किया। इस दौरान कुछ पुलिस कर्मी घायल हो गए।तुरा शहर में तत्काल प्रभाव से रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।

Image

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े

Photo : ANI

पश्चिमी मेघालय के तुरा शहर में सोमवार को उत्तेजित भीड़ ने मुख्यमंत्री सचिवालय पर हमला कर दिया जिसमें कम से कम पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सी. के. संगमा कार्यालय में मौजूद थे और 'अचिक कॉन्शियस होलिस्टकली इंटीग्रेटेड करिमा’ (एसीएचआईके) और 'गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी' के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे जिन्होंने तुरा को शीतकालीन राजधानी घोषित करने की मांग की है। उसी दौरान कार्यालय के बाहर भीड़ जमा हो गई और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

मुख्यमंत्री ने घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है और कहा है कि उनके इलाज पर आने वाले खर्च को राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री सचिवालय ने कहा, 'तुरा स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय पर आज शाम भीड़ द्वारा किए गए हमले में कम से कम पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं। उत्तेजित भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।'

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी तुरा को शीतकालीन राजधानी बनाने की मांग कर रहे थे तभी बड़ी संख्या में बाहरी लोग उनके साथ आकर मिल गए और कार्यालय पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना की वीडियो फुटेज देखी जाएगी और दोषियों की पहचान की जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article