देश

Meghalaya Election Result 2023: 'मैं बीफ खाता हूं' कहने वाले मेघालय BJP चीफ हारे, मिले मात्र 3771 वोट

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Mar 2, 2023, 05:38 PM IST

Meghalaya Election Result 2023: मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजे आ गए हैं। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) विधानसभा चुनाव हार गए हैं। उन्हें मात्र 3771 वोट मिले।

Image

मेघालय BJP चीफ अर्नेस्ट मावरी

Photo : Twitter

Meghalaya Election Result 2023: 'मैं बीफ खाता हूं' कहने वाले मेघालय बीजेपी चीफ अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) विधानसभा चुनाव हार गए। इतना ही नहीं वह तीसरे स्थान पर रहे। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 में अर्नेस्ट मावरी (Ernest Mawrie) पश्चिम शिलांग निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार गए। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के पॉल लिंग्दोह ने 7,917 (42.14%) वोट हासिल किए, उन्होंने नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहेंड्रो रैपसांग को 3,485 वोटों से हराया। जबकि मेघालय बीजेपी प्रमुख अर्नेस्ट मावरी तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कुल 3771 (20.07 प्रतिशत) वोट मिले।

Meghalaya Election Results 2023

मेघालय विधानसभा चुनाव परिणाम 2023

मावरी ने पिछले महीने यह कहकर सुर्खियां बटोरीं कि अगर मेघालय में बीजेपी सत्ता में आई तो वह बीफ खाने वाले लोगों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाएगी। मावरी ने कहा कि मेघालय ईसाई बहुल राज्य है और अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो वह ईसाइयों को अधिक सुरक्षा मुहैया कराएगी। मतगणना से पहले मावरी ने कहा कि उनकी पार्टी मेघालय में इस चुनाव में 10-15 सीटें जीतेगी। मावरी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मतदान के बाद, हमने चर्चा की है और हमें विश्वास है कि हम कम से कम 10 सीटें और अधिक से अधिक 15 सीटें जीतेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के बिना कोई भी पार्टी मेघालय में अगली सरकार नहीं बना पाएगी। मेघालय की 59 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 27 फरवरी को हुई थी। मतगणना से पहले मेघालय के मुख्यमंत्री और एनपीपी प्रमुख कोनराड संगमा ने मंगलवार रात गुवाहाटी में अपने असम के समकक्ष हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की। गौरतलब है कि सरमा नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (NEDA) के संयोजक हैं। विभिन्न मीडिया समूहों द्वारा प्रकाशित एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी कि पूर्वोत्तर राज्य में एक त्रिशंकु सदन होगा, जिसमें संगमा की एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article