देश

INS चिल्का में 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड, 3,300 से ज्यादा प्रशिक्षु होंगे शामिल

इस बार 3,300 से अधिक प्रशिक्षु अपना 16 सप्ताह का शुरुआती प्रशिक्षण पूरा कर पास आउट होंगे। यह INS चिल्का से पास आउट होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा।

Image

INS चिल्का में 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड, 3,300 से ज्यादा प्रशिक्षु होंगे शामिल

भारतीय नौसेना के प्रमुख शुरुआती प्रशिक्षण संस्थान INS चिल्का में 13 नवंबर 2026 को अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड (POP) आयोजित की जाएगी। इस परेड में भारतीय नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नविकों के नौवें बैच के प्रशिक्षु शामिल होंगे। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और परेड की समीक्षा करेंगे।

इस बार 3,300 से अधिक प्रशिक्षु अपना 16 सप्ताह का शुरुआती प्रशिक्षण पूरा कर पास आउट होंगे। यह INS चिल्का से पास आउट होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये युवा अपने-अपने बलों में आगे की जिम्मेदारियों के लिए तैयार होंगे।

16 सप्ताह की ट्रेनिंग में क्या-क्या सिखाया गया?

प्रशिक्षुओं को 16 सप्ताह के दौरान शैक्षणिक शिक्षा, शारीरिक प्रशिक्षण, तैराकी, परेड अभ्यास, आउटडोर गतिविधियों और कैंप के जरिए प्रशिक्षित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से सक्षम और पेशेवर तौर पर कुशल बनाना है। ट्रेनिंग के दौरान अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही नौसेना के मूल सिद्धांतों ड्यूटी, सम्मान और साहस को भी प्रशिक्षुओं के जीवन का हिस्सा बनाने पर ध्यान दिया गया।

मेधावी प्रशिक्षुओं को किया जाएगा सम्मानित

पासिंग आउट परेड के बाद आयोजित होने वाले वैलेडिक्टरी समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं, सर्वश्रेष्ठ डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका 'अंकुर' का भी विमोचन किया जाएगा

कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका 'अंकुर' का भी विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के परिजन, नौसेना के पूर्व अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। भारतीय नौसेना ने इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करने की जानकारी दी है, ताकि देशभर के लोग इस गौरवपूर्ण अवसर को देख सकें।

Shivani Mishra
Shivani Mishraauthor

Covering stories of public interest in crime and politics now. Entertainment enthusiast over five years. Reporting across Maharashtra.

और पढ़ें
End of Article