सिलहट (बांग्लादेश): पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले तौहीद हृदोय के दूसरी पारी में 82 रन की बदौलत बांग्लादेश ने सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ करा लिया। वेस्टइंडीज ने दो मैचों की इस शृंखला को 1-0 से अपने नाम किया। उसने पहला टेस्ट आठ विकेट से जीता था। जीत के लिए 369 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने खराब रोशनी के कारण खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 184 रन बना लिए थे। हृदोय ने पहली पारी में नाबाद 242 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके साथ ही वह एक ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक और अर्धशतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बन गए।
विंडीज ने दूसरी पारी 6 विकेट पर 398 रन पर की घोषित
वेस्टइंडीज ने पांचवें दिन तीन विकेट पर 345 रन से आगे खेलना शुरू किया और अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 398 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह बांग्लादेश के सामने जीत के लिए लगभग ढाई सत्र में 369 रन का लक्ष्य था। कावेम हॉज बीते दिन के अपने खाते में सिर्फ दो रन जोड़ सके और 142 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में 133 रन बनाने वाले आमिर जांगू 39 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए ताइजुल इस्लाम, नईम हसन और मेहदी हसन की स्पिनरों की तिकड़ी ने दो-दो विकेट लिए।
खराब रही बांग्लादेश की शुरुआत, रहीम-हृदोय ने बचाइ लाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तंजीद हसन तमीम 21 रन बनाकर कैच आउट हुए, जबकि कप्तान नजमुल हुसैन शांटो को जोमेल वॉरिकन ने 14 रन पर पगबाधा आउट किया। बांग्लादेश की टीम 40 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में थी लेकिन हृदोय और अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम (49) ने तीसरे विकेट के लिए 135 रन की अहम साझेदारी कर मेहमान टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दोनों ने दूसरे सत्र में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिलने दी। अंतिम सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर वॉरिकन ने हृदोय को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 44 रन देकर तीन विकेट लिए। शमार जोसेफ ने मुशफिकुर को पवेलियन भेजा।
टेस्ट बांग्लादेश के पहले सात हजारी बने मुश्फिकुर रहीम
मुशफिकुर इस पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में सात हजार रन पूरे करने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने। खराब रोशनी के कारण खेल समाप्त होने पर लिटन दास सात और मेहदी हसन एक रन बनाकर क्रीज पर थे। इससे पहले वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 356 रन बनाए थे। बांग्लादेश ने 386 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल की थी।
(भाषा)
