देश

BRICS में भारत की कूटनीति की मायावती ने की तारीफ, चीन और फिलिस्तीन पर क्या कहा?

बीएसपी प्रमुख मायावती ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में सर्वसम्मति से अपनाई गई 140 पैराग्राफ वाली दिल्ली घोषणा को बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने फिलिस्तीन के दो-राष्ट्र समाधान, आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख और भारत-चीन संबंधों पर घोषणा में शामिल प्रावधानों की चर्चा की। मायावती ने ब्रिक्स करेंसी के विकास को अहम कदम बताते हुए भारत-चीन सीमा विवाद के द्विपक्षीय समाधान की उम्मीद जताई। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिक्स में वैश्विक दक्षिण का विश्वास बढ़ा है।

Image

BRICS की दिल्ली घोषणा को मायावती ने बताया बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि, बोलीं- भारत-चीन सीमा विवाद का हो जल्द समाधान। PTI

Photo : PTI

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान अपनाई गई 140 पैराग्राफ वाली दिल्ली घोषणा को बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि गंभीर आर्थिक संकट, तनाव, संघर्ष और अमेरिका की ओर से यूक्रेन तथा ईरान को लेकर उठाए गए कदमों और टैरिफ जैसी चुनौतियों के बीच ब्रिक्स देशों का सर्वसम्मति से घोषणा को स्वीकार करना कूटनीतिक समझ और दूरदर्शिता को दर्शाता है। मायावती ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने की साझा इच्छा उम्मीद जगाती है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स करेंसी का विकास इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

फिलिस्तीन को लेकर ब्रिक्स के रुख की सराहना

बीएसपी प्रमुख ने कहा कि ब्रिक्स देशों ने दो-राष्ट्र समाधान और 1967 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीनी राष्ट्र के गठन का एकजुट समर्थन किया है। उन्होंने इसे महत्वपूर्ण रुख बताया।

मायावती ने कहा कि पहलगाम घटना के संदर्भ और आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लड़ाई की भारत की सोच को भी घोषणा में उचित समर्थन और सराहना मिली है।

चीन के साथ रिश्तों पर भी बोलीं मायावती

मायावती ने भारत और चीन के संबंधों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पड़ोसी चीन के साथ मतभेदों को बड़े विवाद में बदलने से रोकने और दोनों देशों को एक-दूसरे के विकास साझेदार के तौर पर देखने का दृष्टिकोण अपनाया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस नीति के परिणामों का आकलन आने वाले समय में किया जाना होगा। बीएसपी प्रमुख ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद का जल्द से जल्द द्विपक्षीय बातचीत के जरिए समाधान होना सबसे बेहतर होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश इस मुद्दे को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

ब्रिक्स में बढ़ा है वैश्विक दक्षिण का विश्वास: पीएम मोदी

बता दें कि ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए भारत की अध्यक्षता के विजन को रेखांकित किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में पूरा ध्यान चार मुख्य स्तंभों, रेजिलिएंस (Resilience), इनोवेशन (Innovation), कोऑपरेशन (Cooperation), और सस्टेनेबिलिटी (Sustainability) पर केंद्रित रहा है। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि चुनौतियों को समय रहते पहचानना होगा, और तुरंत कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स में वैश्विक दक्षिण का विश्वास बढ़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सदस्य देशों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा, मुझे खुशी है कि आप सभी के सहयोग और समर्थन से हम अपने साझा दृष्टिकोण को एक 'विन-विन' (Win-Win) साझेदारी में बदलने में सफल रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article