देश

Manish Sisodia Case: सिसोदिया को नहीं मिली रिहाई, कोर्ट ने 4 मार्च तक CBI की कस्टडी में भेजा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 27, 2023, 05:42 PM IST

Manish Sisodia Remand: रविवार को करीब आठ घंटे की पूछताछ के बाद दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था। सीबीआई ने सिसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तार किया है। जिसके बाद सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां इस मामले को लेकर सुनवाई हुई।

Manish Sisodia Case: दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया को फिलहाल रिहाई नहीं मिली है। कोर्ट ने सीबीआई की रिमांड की मांग पर पहले फैसला सुरक्षित रख लिया था। बाद में कोर्ट ने सीबीआई की इस मांग पर फैसला सुनाते हुए चार मार्च तक सिसोदिया को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है। राउज एवेन्यू कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआई ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को रिमांड में भेजे जाने की मांग की थी।

क्या कहा सिसोदिया के वकील ने

सिसोदिया के वकील ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि यह मामला व्यक्ति और संस्था पर हमला है। अगर सिसोदिया को रिमांड में भेजा जाएगा तो इससे गलत संदेश जाएगा।

सीबीआई ने क्या कहा

सीबीआई ने अदालत को बताया कि वे "उचित जांच" के लिए मनीष सिसोदिया की और हिरासत की मांग कर रहे हैं। एजेंसी ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान दिल्ली के डिप्टी सीएम ने ठीक से जवाब नहीं दिया। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि सिसोदिया ने मोबाइल फोन बदल लिए थे। अब रद्द हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति 2021-2022 के कार्यान्वयन में घोटाले का आरोप लगाते हुए, सीबीआई ने दावा किया कि पॉलिसी मार्जिन बढ़ाया गया था और पात्रता मानदंड बदल दिए गए थे।

आप कर रही है प्रदर्शन

दिल्ली शराब घोटाला मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच पार्टी कार्यकर्ता भोपाल, चंडीगढ़, दिल्ली और अन्य शहरों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई है।

पूछताछ के बाद गिरफ्तारी

मनीष सिसोदिया को नई आबकारी नीति में गड़बड़ियों के मामले में लगभग आठ घंटे की पूछताछ के बाद रविवार को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया था। सीबीआई ने दावा किया था कि सिसोदिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, सवालों के ठीक से जवाब नहीं दे रहे थे, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि मनीष सिसोदिया को राजनीतिक दबाव में गिरफ्तार किया गया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article