Manipur Latest News: छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने हिंसाग्रस्त मणिपुर के मसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे तौर पर घेरा है। उन्होंने बुधवार (27 जुलाई, 2023) को तंज कसते हुए कहा है कि अगर पीएम मोदी मणिपुर में जो कुछ भी हुआ है, उसकी जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते हैं तब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पीएम बना देना चाहिए और वही देश को जवाब दें।
मणिपुर के मसले को बेहद संवेदनशील करार देते हुए वह आगे बोले कि गृह मंत्री की जगह विपक्ष (कांग्रेस सहित) चाहता है कि पीएम इस मुद्दे पर जवाब दें। कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी। औरतों के साथ अवमानवीय व्यवहार और बर्बरता की गई। अगर एफआईआर होने के 77 दिन बाद कार्रवाई शुरू की गई तो जवाबदेह कौन है? पीएम मोदी और शाह...दोनों को इस बारे में पता होगा। अगर पीएम इसकी जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते हैं तब अमित शाह को पीएम बना दीजिए। वह तो जवाब दे सकते हैं। देश पीएम से जवाब जानना चाहता है और हर कोई मणिपुर की असल स्थिति जानना-समझना चाहता है।
