देश

मुंबई में अनंत-राधिका की शादी में शरीक होंगी ममता बनर्जी, उद्धव, शरद और अखिलेश से मिलेंगी

Mamata Banerjee: मुंबई में अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के बारे में पूछे जाने पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह कल राजनीतिक चर्चा के लिए उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगी क्योंकि लोकसभा चुनाव के बाद से उनकी मुलाकात नहीं हुई है। इस शादी में हर क्षेत्र की बड़ी हस्तियां शामिल हो रही हैं।

Image

मुंबई में इंडिया गठबंधन के नेताओं से मिलेंगी।

KEY HIGHLIGHTS
  • शुक्रवार को है मुकेश और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी
  • देश और दुनिया के दिग्गज लोग पहुंचेंगे, इंटालिया को भव्य रूप से सजाया गया
  • कई राज्यों के सीएम पहुंचेंगे, विदेशी मेहमान भी समारोह की बढ़ाएंगे शोभा

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार को मुंबई में होने वाली अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के शादी समारोह में शामिल होंगी। सीएम ने कहा कि वह मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार, शिव शेना (यूबीटी) के मुखिया उद्धव ठाकरे से मिलेंगी। उनकी मुलाकात समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी हो सकती है। सीए ने कहा कि वह इन नेताओं से देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगी।

'विश्व बांग्ला सम्मेलन' में आए हैं मुकेश-ममता

मुकेश अंबानी के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई रवाना होने से पहले बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बनर्जी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से भी मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा, 'मैं मुंबई जा रही हूं जैसा कि आप सभी जानते हैं कि मुकेश अंबानी जी के बेटे की शादी हो रही है। उन्होंने कई बार आमंत्रित किया है और मुकेश अंबानी जी बंगाल के निमंत्रण पर कई बार 'विश्व बांग्ला सम्मेलन' में शामिल हुए हैं। मैं शायद नहीं जाती लेकिन मुकेश जी, उनके बेटे और नीता जी सहित उन्होंने मुझे बार-बार आने के लिए कहा इसलिए मैंने जाने का फैसला किया है।'

शरद, उद्धव, अखिलेश से मिलेंगी

मुंबई में अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के बारे में पूछे जाने पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह कल राजनीतिक चर्चा के लिए उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगी क्योंकि लोकसभा चुनाव के बाद से उनकी मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने कहा, 'मैं शरद जी के घर भी जाऊंगी और उनसे भी मिलने का समय तय कर लिया है। अखिलेश भी कल आ रहे हैं और मैं उनसे भी मिल सकती हूं। मैं परसों वापस आऊंगी।'

सितारों का लगेगा जमावड़ा

अनंत और राधिका की शादी धूम-धाम और भव्य तरीके से हो रही है। इस शादी समारोह में शामिल होने के लिए मेहमान पहुंचने लगे हैं। एंटीलिया को भव्य तरीके से सजाया गया है। इस शादी, राजनीति, कारोबार, बॉलीवुड और हॉलीवुड की दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी। शादी में कई राज्यों के सीएम पहुंचने वाले हैं। विदेशी मेहमान जिन्हें बुलाया गया है उनमें जॉन केरी, टोनी ब्लेयर, बोरिस जानसन, मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद के नाम शामिल हैं। बॉलीवुड के सभी बड़े कलाकारों को शादी का न्योता मिला है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article