देश

'बार-बार बदनाम किया गया, झूठे आरोप लगाए'; TMC नेता आशीष बनर्जी की मौत पर ममता बनर्जी दुखी, भाजपा सरकार को घेरा

ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि आशीष बनर्जी के निधन से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना अधिकांश जीवन शिक्षा और समाज सेवा के लिए समर्पित किया।

Image

TMC नेता आशीष बनर्जी की मौत

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी के निधन पर TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अपने अंतिम दिनों में आशीष बनर्जी को कथित तौर पर भारी मानसिक और भावनात्मक दबाव का सामना करना पड़ा। भाजपा और मीडिया के एक वर्ग ने उन्हें बार-बार बदनाम किया। उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए। बता दें कि टीएमसी नेता आशीष बनर्जी बीरभूम जिले में पार्टी कार्यालय में रविवार को फांसी के फंदे पर झूलते मिले थे।

क्या बोलीं ममता बनर्जी?

ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि आशीष बनर्जी के निधन से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना अधिकांश जीवन शिक्षा और समाज सेवा के लिए समर्पित किया। ममता बनर्जी ने कहा कि आशीष बनर्जी अपनी विनम्रता और रामपुरहाट व बीरभूम के लोगों के साथ करीबी जुड़ाव के लिए जाने जाते थे। उन्होंने शिक्षण, जनसेवा और राजनीति के क्षेत्र में लंबे समय तक काम किया।

‘राजनीतिक दुश्मनी की मानवीय कीमत पर सोचने की जरूरत’

इस दौरान TMC प्रमुख ने आशीष बनर्जी की आत्महत्या के लिए सत्ता पक्ष और मीडिया को जिम्मेदार करार दिया। उन्होंने कहा कि पांच बार विधायक, पूर्व उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के रूप में आशीष दा ने रामपुरहाट के विकास के लिए स्वयं को समर्पित किया और जनता के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके द्वारा किए गए कार्यों के बावजूद, उन्हें बार-बार बदनाम किया गया झूठे आरोप लगाए गए और उन पर निरंतर दबाव डाला गया। सार्वजनिक सेवा के उनके लंबे इतिहास के बावजूद, उन्हें जिस उत्पीड़न और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा, वह हम सभी को निरंतर राजनीतिक शत्रुता के मानवीय नुकसान पर विचार करने के लिए प्रेरित करता है। आगे उन्होंने आशीष बनर्जी के परिवार, उनके करीबियों, पूर्व छात्रों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

TMC कार्यालय में फंदे से लटका मिला शव

पुलिस के अनुसार, आशीष बनर्जी रविवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित एक TMC पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। उनका शव कथित तौर पर कार्यालय परिसर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक की ओर से लिखा गया है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। हालांकि, मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

2001 से 2026 तक रहे विधायक

आशीष बनर्जी TMC के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उन्होंने 2001 से 2026 तक लगातार रामपुरहाट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे और ममता बनर्जी सरकार में स्कूल शिक्षा तथा कृषि समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article