राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी ने एसआईआर, वोट चोरी को लेकर एक विशाल विरोध रैली का आयोजन किया है। कांग्रेस की इस 'वोट चोर-गद्दी छोड़' रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस रैली में बोलते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सत्ताधारी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 'वोट चोरी' में लिप्त लोग 'गद्दार' हैं और मतदान के अधिकार और संविधान को बचाने के लिए उन्हें सत्ता से हटाना जरूरी है।
राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी की 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को एकजुट होकर मजबूत करना सभी भारतीयों का कर्तव्य है क्योंकि केवल यही पार्टी देश को बचा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस की विचारधारा 'देश को खत्म कर देगी'।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वह बेंगलुरु में अपने बेटे के ऑपरेशन के लिए नहीं गए और रैली में शामिल होने के लिए रुके क्योंकि उन्हें लगा कि 140 करोड़ लोगों को बचाना महत्वपूर्ण है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी जो इस देश के लिए, जनता के लिए लड़ रहे हैं, उस लड़ाई को मजबूत करना हम सबका काम है।अगर आप उन विचारों को मजबूत नहीं करेंगे तो वो आपका नुकसान है, देश का नुकसान है...हमारे विचारों को आगे ले जाने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं, तो यह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम एक होकर उनके विचारों को मजबूत करें और साथ ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को लेकर आगे बढ़ें। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा ही देश को बचा सकती है।
हिंदू के नाम पर गरीब को फिर ये लोग गुलाम कर देंगे- खरगे
अपने संबोधन में खरगे ने आगे कहा कि मोहन भागवत, गोलवलकर और मनुस्मृति की विचारधारा इस देश को खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि हिंदू के नाम पर गरीब को फिर ये लोग गुलाम कर देंगे। खरगे ने दावा किया किभारत को आजादी आजादी कांग्रेस ने दिलाई थी। उस समय मोदी और अमित शाह तो बच्चे थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ये गद्दार लोग हैं इनको हटाना होगा।
चुनाव आयोग-भाजपा और आरएसएस पर बरसे राहुल
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भाजपा-आरएसएस और चुनाव आयोग पर जमकर बरसे। चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने चुनावों के दौरान 10,000 रुपये दिए और चुनाव आयोग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सच और झूठ की इस लड़ाई में चुनाव आयोग भाजपा सरकार के साथ काम कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि मोहन भागवत ने अंडमान में एक भाषण दिया कि हमारे धर्म में सत्य सबसे बड़ी चीज है। हमारे धर्म में कहा जाता है- सत्यम, शिवम्, सुंदरम्... भागवत जी ने कहा- विश्व सत्य को नहीं शक्ति को देखता है। ये उनकी सोच है, उनकी विचारधारा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्य और असत्य की लड़ाई हो रही है। सत्य के पीछे खड़े होकर पीएम मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सत्य के साथ खड़े रहेंगे और नरेंद्र मोदी, आरएसएस सरकार को सत्ता से हटाएंगे।
