देश

ओडिशा में फिर टला बालासोर जैसा महा-हादसा! भुवनेश्वर में एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आईं दो ट्रेनें, यात्रियों में मची चीख-पुकार

Two Trains Same Track Odisha: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के झारपड़ा ब्रिज के पास एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। यहां एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

Image

ओडिशा में फिर टला बालासोर जैसा महा-हादसा! भुवनेश्वर में एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आईं दो ट्रेनें, यात्रियों में मची चीख-पुकार

Bhubaneswar Train Accident Averted: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक बेहद हैरान और डरा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के झारपड़ा ब्रिज इलाके में एक बहुत बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे के सिग्नलिंग सिस्टम या संचालन में हुई एक कथित चूक की वजह से दो पैसेंजर ट्रेनें एक ही ट्रैक पर बिल्कुल आमने-सामने आ गईं। दो ट्रेनों को एक ही पटरी पर आमने-सामने देखकर यात्रियों और आस-पास मौजूद लोगों के होश उड़ गए और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि समय रहते दोनों ट्रेनों के लोको पायलट्स ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ियों को रोक लिया, जिससे एक बहुत बड़ा विनाशकारी हादसा होने से बच गया। इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

मंचेश्वर-भुवनेश्वर के बीच का है पूरा मामला

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना उस समय हुई जब एक ट्रेन भुवनेश्वर से मंचेश्वर रेलवे स्टेशन की ओर आगे बढ़ रही थी, वहीं दूसरी ट्रेन ठीक उसी समय मंचेश्वर से भुवनेश्वर की तरफ आ रही थी।

तभी अचानक झारपड़ा ब्रिज के पास दोनों ट्रेनें एक ही डाउन/अप ट्रैक पर आ गईं। जैसे ही लोको पायलट को सामने से दूसरी ट्रेन आती हुई दिखाई दी, तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेनों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया। ट्रेन रुकते ही डिब्बों के अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई लोग डर के मारे ट्रेन से नीचे उतर आए। रेलवे अधिकारियों के बीच त्वरित समन्वय के बाद स्थिति को संभाला गया।

लापरवाही या सिग्नल फेलियर? रेलवे ने शुरू की जांच

इस गंभीर लापरवाही के बाद ईस्ट कोस्ट रेलवे और स्थानीय रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बालासोर रेल हादसे के जख्मों को याद करते हुए इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल, ट्रैक को पूरी तरह क्लियर कर दिया गया है और ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से बहाल है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article