Nashik Bus fire accident: महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार (सात अक्टूबर, 2022) रात एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना के बाद बस में आग लग गई और उसमें सवार कम से कम आठ लोगों की जान चली गई। आनन-फानन में घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों की असल संख्या फिलहाल साफ नहीं हो पाई है।
नासिक पुलिस की ओर से समाचार एजेंसी एएनआई को शनिवार (आठ अक्टूबर, 2022) को बताया गया कि बीती रात हुए इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। लाशों और जख्मी लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि डॉक्टरों से पुष्टि के साथ हम मृतकों की असल संख्या पता लगाने में जुटे हैं।

मौके पर बस के आसपास राहत बचाव कार्य में जुटी टीमें।
इस बीच, पुलिस के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने जानकारी दी कि बस को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उसमें आग लग गई थी। 15 लोग इस घटना के चलते जख्मी हुए। हालांकि, कुछ टीवी मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 11 बताई गई, पर इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
यह बस यवतमाल से मुंबई की ओर जा रही थी, जिसमें कई यात्री सवार थे। औरंगाबाद के पास बस में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान जब यह धू-धूकर जल रही थी तब आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।
आनन-फानन लोगों ने इस बारे में दमकल विभाग और पुलिस को खबर की। बताया गया कि जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तब तक बस जलकर खाक हो चुकी थी।
