प्रयागराज में जारी महाकुंभ को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने विवादित टिप्पणी की है। ममता बनर्जी ने कहा कि महाकुंभ अब मृत्यु कुंभ में बदल गया है। लोग मर रहे हैं, सरकार की व्यवस्था नाकाम साबित हुई है। ममता बनर्जी ने महाकुंभ में अव्यवस्था और मारे गए लोगों को लेकर योगी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
महाकुंभ पर क्या बोलीं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा- "महाकुंभ अब मृत्यु कुंभ में तब्दील हुआ है। व्यवस्था नहीं की और इतने लोग मारे गए? कितनों का शव आपने बहा दिया है? इतनी बार आग लगी। अमीरों के लिए एक लाख का कैम्प और गरीब लोगों का क्या? VIP को अलग किया गया, गरीबों से। इतना हाइप कर दिया! लेकिन व्यवस्था के नाम पर कुछ नहीं। यह पैसा कमाने के लिए सबको बेच रहे हैं।"
ममता ने रेलवे की व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा
ममता बनर्जी ने आगे कहा कि सरकार टिकट देना बंद ही नहीं कर रही है। पहले देखिए कितनी कैपेसिटी हैं इन ट्रेनों की? बंगाल के लोगों की जिनकी मृत्यु हुई, उनको डेथ सर्टिफिकेट तक नहीं दिया गया। हम यहां पोस्टमार्टम करके उनको डेथ सर्टिफिकेट दे रहे हैं। बंगाल की सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग धर्म के नाम पर देश के टुकड़े कर रहे हैं।
महाकुंभ में मची थी भगदड़
बता दें कि 29 फरवरी को प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हुई भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पहले से ही योगी सरकार पर हमलावर हैं, अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी महाकुंभ के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर बड़ा हमला बोला है।
