देश

LPG Supply: देश में एलपीजी संकट के बीच कई राज्यों में सिलेंडर की जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष से एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

Image

गैस सिलेंडर

Photo : PTI

LPG Supply: विपक्षी दलों द्वारा देश में एलपीजी गैस की कमी को लेकर सरकार को संसद से सड़क तक घेरने की कोशिश के बीच कई राज्यों में प्रशासन ने सोमवार को एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष से एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

इस पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर, जनता के साथ खड़े होने के बजाय उन्हें उकसाने का आरोप लगाया।संसद में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच, पश्चिम बंगाल में रसोई गैस संकट के खिलाफ कोलकाता में एक विरोध मार्च निकाला गया और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह समस्या ’’कृत्रिम रूप से पैदा की गई’’ है।

इस बीच, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण की जांच के लिए कई राज्यों में छापेमारी की गई।महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में एक निजी परिसर से 2.22 लाख रुपये मूल्य के 84 अवैध रूप से जमाकर रखे गए एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।एक अधिकारी ने बताया कि 84 सिलेंडर में से 34 भरे हुए थे और बाकी खाली थे।

राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी

महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने राज्य सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की जमाखोरी और अवैध व्यापार के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।महाराष्ट्र विधान परिषद में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी द्वारा उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए, भुजबल ने पश्चिम एशिया संकट के बीच कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जिला स्तर पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की समितियां गठित की हैं, जिन्होंने छापेमारी की 2,129 कार्रवाई की है और 1,208 सिलेंडर और 33,66,411 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया।

संभावित आपूर्ति की कमी की आशंकाओं के बीच 600 से अधिक सिलेंडर जब्त

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण, रीफिलिंग और कालाबाजारी के संबंध में कम से कम छह प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और संभावित आपूर्ति की कमी की आशंकाओं के बीच 600 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं।इस बीच, पूर्वी दिल्ली के शकरपुर में पुलिस ने 46 वर्षीय योगेश गुप्ता नामक एक व्यक्ति को उसकी दुकान पर बड़े घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरते हुए गिरफ्तार किया।

उसने बताया कि बाहरी उत्तरी दिल्ली में दो मामले दर्ज किए गए, जबकि पूर्वी दिल्ली के शकरपुर, उत्तरी दिल्ली के रोहिणी और शाहदरा के गांधी नगर में एक-एक मामला दर्ज किया गया। इनके अलावा मुंडका में एक मामला दर्ज किया गया।अधिकारियों ने बताया कि अपराध शाखा ने मुंडका में गुरुजी इंडेन गैस सर्विस के नाम से चल रहे एक गोदाम पर छापा मारा और विभिन्न कंपनियों के 610 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए।पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव कुमार यादव ने बताया कि छापेमारी में कई गैस विपणन कंपनियों के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर एक ही परिसर में एक साथ रखे मिले, जबकि यह परिसर केवल इंडेन के व्यावसायिक सिलेंडर के वितरण के लिए अधिकृत था।

उन्होंने बताया, 'बरामद स्टॉक में 423 इंडेन सिलेंडर, 92 भारत गैस सिलेंडर और 95 एचपी गैस सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें भरे और खाली दोनों सिलेंडर हैं।' जम्मू में, गैस सिलेंडर की अफरा-तफरी और आपूर्ति में देरी की शिकायतों के मद्देनजर प्रशासन ने कई एलपीजी एजेंसियों की जांच की। नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन करने वाले कुछ गैस सिलेंडर डीलर के खिलाफ कार्रवाई की गई।

लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह

अधिकारियों ने बताया कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में जम्मू में कई एलपीजी गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें देखी गईं।केंद्र सरकार ने दावा किया है कि देश में कच्चे तेल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति है। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हालांकि सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य में घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार की एलपीजी आपूर्ति की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे घरों की रसोई के साथ-साथ होटल, कैंटीन और रेस्तरां जैसे व्यवसाय भी प्रभावित होने की आशंका है।

एक अतिरिक्त घरेलू LPG सिलेंडर के अस्थायी आवंटन की अनुमति देने का अनुरोध

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को केंद्र सरकार से आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए राज्य के घरों को दो महीने की अवधि के लिए एक अतिरिक्त घरेलू एलपीजी सिलेंडर के अस्थायी आवंटन की अनुमति देने का अनुरोध किया।उन्होंने रमजान, ईस्टर और विशु जैसे आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा। विजयन ने रेखांकित किया कि केरल में देश में एलपीजी पर निर्भरता का स्तर सबसे अधिक है, जहां 95 प्रतिशत से अधिक परिवार खाना पकाने के लिए लगभग पूरी तरह से एलपीजी पर निर्भर हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article