Mansoon Session: मानसून सत्र का तीसरा दिन भी विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया। बिहार में एसआईआर, पहलगाम आतंकवादी हमले, ऑपरेशन सिंदूर, भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों को लेकर विपक्ष ने बुधवार को संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा किया जिसके बाद दोनों सदनों लोकसभा एवं राज्यसभा की कार्यवाही 24 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार को 11 बजे शुरू होगी।
संसद से सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे-राहुल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि हिंदुस्तान में चुनाव चोरी किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर ‘इंडिया’ गठबंधन चुप नहीं बैठेगा और संसद से सड़क तक लड़ाई लड़ेगा। राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘ये सिर्फ बिहार की बात नहीं है। महाराष्ट्र में भी चोरी की। हमने चुनाव आयोग से मतदाता सूची मांगी, वीडियो मांगे, लेकिन उन्होंने हमें नहीं दिया। सरकार ने वीडियोग्राफी देने का कानून ही बदल दिया। महाराष्ट्र में चुनाव से पहले एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए।’
'भाजपा का खेल हम समझ गए हैं'
उनका कहना था, ‘कर्नाटक में हमने अध्ययन किया है और भयंकर चोरी पकड़ी है। मैं ‘ब्लैक एंड व्हाइट’में आपको और चुनाव आयोग को बता सकता हूं कि कहां और कैसे चोरी की जा रही है। हम खेल समझ गए हैं। हमने कर्नाटक में एक निर्वाचन क्षेत्र चुना और उसे पूरी तरह से समझा। छह महीने लगे और हमने चुनाव चोरी करने का इनका सारा सिस्टम समझ लिया है।’ उनके मुताबिक, अध्ययन से यह पता चला है कि कैसे नए वोटर बनते हैं, कौन वोट करता है और कहां से वोट होता है।
संसद न चलने का सबसे ज्यादा फायदा सरकार को-TMC
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ‘ब्रायन ने कहा कि जब संसद नहीं चलती है तो सबसे ज्यादा फायदा सरकार को होता है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य ने कहा कि मानसून सत्र के दो दिन ‘बेकार’चले गए और इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। ओ‘ब्रायन ने कहा, ‘केंद्र सरकार ने संसद के दो दिन व्यर्थ गंवा दिए। जब संसद नहीं चलती है, तो फायदा किसे होता है? सत्ता में बैठी सरकार को।’ उन्होंने कहा, ‘सरकार संसद के प्रति जवाबदेह होती है, संसद जनता के प्रति जवाबदेह होती है। जब संसद काम नहीं करती है तो सरकार किसी के प्रति जवाबदेह नहीं होती।’
संसद में पीएम से मिले गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद भवन स्थित उनके कार्यालय में बुधवार को मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए सोमवार को उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था तथा विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के विरोध के कारण लोकसभा एवं राज्यसभा की कार्यवाही में लगातार व्यवधान पैदा हो रहा है। पीएम मोदी का बुधवार को मालदीव और ब्रिटेन की यात्रा के लिए रवाना हो गए।
