देश

BRICS समिट: दिल्ली में लगा दिग्गज नेताओं का जमघट, आज जिनपिंग भी पहुंच रहे, दुनिया देखेगी भारत की कूटनीतिक ताकत

शनिवार को पीएम की चीनी राष्ट्रपति से द्विपक्षीय मुलाकात होगी। इस समिट पर दुनिया भर की नजरें लगी हैं। ब्रिक्स का यह सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का परिचय कराने के साथ-साथ दिल्ली की कूटनीति का भी जयघोष करेगा।

Image

ब्रिक्स समिट 2026।

Photo : ANI

BRICS Summit 2026: ब्रिक्स समिट 2026 के लिए दुनिया भर के तमाम नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी आज दोपहर पहुंचेंगे। दो दिवसीय इस सम्मेलन की आज भारत मंडपम में शुरुआत होगी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। शनिवार को पीएम की चीनी राष्ट्रपति से द्विपक्षीय मुलाकात होगी। इस समिट पर दुनिया भर की नजरें लगी हैं। ब्रिक्स का यह सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का परिचय कराने के साथ-साथ दिल्ली की कूटनीति का भी जयघोष करेगा।

क्यूबा, थाईलैंड, इंडोनेशिया के नेताओं का आगमन

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पार्रिला, थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकेव और बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये नई दिल्ली पहुंच गए हैं। इसके अलावा, विश्व व्यापार संगठन (WTO) की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंच गई हैं।

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड पहुंचे भारत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट के जरिए इन विशिष्ट नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और ग्लोबल साउथ को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर का स्वागत करते हुए जायसवाल ने कहा कि वह 2026 में आसियान (ASEAN) के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर का स्वागत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया।

‘एक्ट ईस्ट’ नीति में फिलीपींस अहम स्तंभ

जायसवाल ने X पर लिखा, 'फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर का नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। वह आसियान के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। उनका स्वागत राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया।' उन्होंने भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और भारत-आसियान साझेदारी में फिलीपींस की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में फिलीपींस एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जिसका फोकस व्यापार, समुद्री सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर है।

UN महासचिव से की मुलाकात

प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर जारी संघर्ष, नौवहन की स्वतंत्रता, सतत विकास, मानव-केंद्रित एआई और वैश्विक खाद्य सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने बहुध्रुवीय विश्व के महत्व और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) समेत बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया, ताकि वे "वर्तमान वास्तविकताओं" को दर्शा सकें। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यहां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!