Lalu Yadav: अपनी सुरक्षा में कटौती किए जाने और राबड़ी देवी का आवास कराने के बिहार सरकार के फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। लालू यादव ने कहा है कि यह सब जद-यू नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है। लालू यादव से पत्रकारों ने पूछा कि सुरक्षा किसने हटवाई है। उसके बाद लालू यादव ने जवाब देते हुए कहा कि ये सब नीतीश कुमार ने करवाया है।
तेज प्रताप की सुरक्षा भी वापस ली गई
बता दें कि बीते 4 जून को बिहार सरकार द्वारा राज्य में वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद आरजेडी के वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की जेड-प्लस सुरक्षा हटा दी गई थी। सरकार की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया था कि आरजेडी के दोनों वरिष्ठ नेताओं को अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस समीक्षा के परिणामस्वरूप, लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप को दी गई वाई श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई है।
राबड़ी आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को हटाया
अपने माता-पिता की सुरक्षा में कटौती के बाद उनके छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी सरकारी सुरक्षा लौटा दी। तेजस्वी का कहना है कि उन्हें 'वाई प्लस' (Y+) श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन जब तक राज्य पुलिस की तरफ से आधिकारिक आदेश जारी नहीं होता, तब तक वे सुरक्षा नहीं लेंगे। इससे पहले शुक्रवार को बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी की 'जेड प्लस' (Z+) सुरक्षा को घटा दिया था। इस फैसले से नाराज होकर लालू यादव ने ऐलान किया कि वे अब बिना सुरक्षा के ही रहेंगे और उन्होंने राबड़ी आवास से सभी सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया।
पप्पू यादव ने सरकार को घेरा
सुरक्षा में कटौती किए जाने पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के इस फैसले को पूरी तरह गलत बताया। पप्पू यादव ने कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी दोनों बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तापक्ष अपने करीबी उद्योगपतियों, पूंजीपतियों और आरएसएस नेताओं को तो 'जेड प्लस' सुरक्षा दे रहा है, लेकिन विपक्ष के साथ अन्याय और उत्पीड़न किया जा रहा है।
