LAC Row between India-China: आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे ने कहा है, "हम सभी जानते हैं कि चीनी क्या कहते हैं और वे उससे कितना अलग करते हैं। यह उनकी प्रकृति और चरित्र का हिस्सा रहा है। हमें उनके लिखे हुए और कहे हुए के बजाय उनके एक्शन्स पर ध्यान देना चाहिए।"
विचार समूह ‘चाणक्या डायलॉग्स’ को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्वी लद्दाख में स्थिति को लेकर बताया, "स्थिति स्थिर है, पर अप्रत्याशित है।" उन्होंने पूर्वी लद्दाख गतिरोध पर भारत-चीन सैन्य वार्ता के अगले दौर की बातचीत को लेकर बताया कि हम 17वें दौर की वार्ता के लिए तारीख पर गौर कर रहे हैं। जनरल पांडे ने आगे पूर्वी लद्दाख में एलएसी के पास हाल पर बताया- जहां तक पीएलए बलों के स्तर का सवाल है, तो कोई महत्वपूर्ण कमी नहीं हुई है।
वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीन की ओर से बुनियादी ढांचे के विकास पर सेना प्रमुख बोले, "यह बेरोकटोक जारी है।" इस बीत, नियंत्रण रेखा पर सेना की तैयारी को लेकर उन्होंने बताया कि शीतकाल के हिसाब से हमारी तैयारियां चल रही हैं।
पूर्वी लद्दाख की स्थिति का जिक्र करते हुए वह बोले- व्यापक संदर्भ में हमें वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अपनी कार्रवाई का बहुत सावधानी से आकलन करने की जरूरत है ताकि हम अपने हितों एवं संवेदनशीलताओं की सुरक्षा कर पाए।
