देश

Parliament Deadlock: संसद में रिजिजू ने की राहुल गांधी से मुलाकात, परिसीमन और FCRA बिल पर हुई बात!

सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान प्रस्तावित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) और विवादास्पद FCRA विधेयक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Image

किरेन रिजिजू ने की राहुल से मुलाकात

Kiren Rijiju Meets Rahul Gandhi: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को समाप्त करने के प्रयास के तहत संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, संसद भवन स्थित राहुल गांधी के कार्यालय में हुई यह बैठक सरकार की ओर से एक विश्वास निर्माण उपाय के तहत आयोजित की गई थी। यह बैठक लगभग 50 मिनट तक चली, जिसमें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद थीं।

परिसीमन और FCRA विधेयक पर चर्चा

बाद में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और के. सी. वेणुगोपाल भी इस चर्चा में शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान प्रस्तावित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) और विवादास्पद FCRA विधेयक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पिछले 10 दिनों में रिजिजू की राहुल गांधी के साथ यह दूसरी मुलाकात थी।

रिजिजू ने संसद भवन अमित शाह से भी की मुलाकात

राहुल गांधी से भेंट के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद भवन में ही गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने और गतिरोध को दूर करने के लिए रिजिजू जल्द ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य विपक्षी नेताओं से भी संपर्क करेंगे। जिक्र है कि 20 जुलाई को मानसून सत्र शुरू होने के बाद से हंगामे के कारण लोकसभा में एक दिन भी प्रश्नकाल पूरा नहीं हो सका है। भारी शोर-शराबे के बीच अब तक पांच विधेयक बिना किसी विस्तृत चर्चा के पारित किए जा चुके हैं।

विपक्ष की नारेबाजी के लोकसभा में हंगामा

बुधवार को भी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष की नारेबाजी के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। जैसे ही सदन की बैठक शुरू हुई, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से अपनी सीटों पर जाने और प्रश्नकाल चलने देने का अनुरोध किया।

अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से कहा, सदन के भीतर या बाहर नारेबाजी करना लोकतंत्र के हित में नहीं है। तख्तियां दिखाकर और नारेबाजी करके आप सदन की गरिमा को कम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि कई सांसदों ने उनसे शिकायत की है कि उनके महत्वपूर्ण प्रश्न सूचीबद्ध हैं, लेकिन निरंतर व्यवधान के कारण सदन में प्रश्नकाल नहीं हो पा रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article