देश

केरल में फिर आया खतरनाक वायरस, तीन जिलों में अलर्ट जारी; स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस से मांगी मदद

Nipah Virus: केरल में दो लोगों में निपाह वायरस संक्रमण के संभावित लक्षण दिखाई देने के बाद इस बीमारी के फिर से फैलने की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने शुक्रवार को तीन उत्तरी जिलों में अलर्ट जारी किया। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि हमने निपाह प्रोटोकॉल के अनुरूप निवारक उपायों को पहले ही सख्त कर दिया है।

Image

निपाह वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Nipah Virus: केरल में दो लोगों में निपाह वायरस संक्रमण के संभावित लक्षण दिखाई देने के बाद इस बीमारी के फिर से फैलने की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने शुक्रवार को तीन उत्तरी जिलों में अलर्ट जारी किया। अधिकारियों ने बताया कि कोझिकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में अलर्ट जारी किए गए हैं।

संदिग्ध मामलों की हुई पहचान

कोझिकोड और मलप्पुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में नियमित जांच के दौरान मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों के संदिग्ध मामलों की पहचान हुई। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि पुष्टि के लिए नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजे गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने स्थिति का आकलन करने के लिए एक आपात बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि हमने निपाह प्रोटोकॉल के अनुरूप निवारक उपायों को पहले ही सख्त कर दिया है। कोझिकोड, मलप्पुरम और पलक्कड़ जिलों में मरीजों के इतिहास एवं लक्षणों की निगरानी करने और जनता को सूचित करने के लिए प्रत्येक जिले में 26 विशेष टीम बनाई गई हैं।

Veena George

स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज (फाइल फोटो)

स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस से मांगी मदद

मंत्री ने कहा कि रोगियों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस से मदद मांगी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जनता की सहायता के लिए राज्य और स्थानीय हेल्पलाइन स्थापित की जा रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अधिकारियों से यह भी आग्रह किया जा रहा है कि वे जांच करें कि क्या हाल के सप्ताह में अप्राकृतिक या बिना वजह से ऐसी मौतें हुई हैं, जो संभावित प्रकोप की चेतावनी के प्रमुख संकेतों में से एक हों।

बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक

उन्होंने बताया कि आज (शुक्रवार) शाम को एक और उच्च स्तरीय बैठक की जाएगी, जिसमें स्थिति का जायजा लिया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी सावधानियां बरती जा रही हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article